
जयपुर। भाजपा के चुनाव प्रभारी और केन्द्रीय मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने दावा किया है कि प्रदेश में एक बार फिर भाजपा की सरकार बनेगी। एक साल में सिर्फ तीस हजार नौकरियां ही देने के सवाल पर उन्होंने कहा है कि एक साल में जितने कर्मचारी सेवानिवृत होते हैं और जितने नए अवसर पैदा हो सकते हैं। इन सबको देखते हुए तीस हजार सरकारी नौकरियों की घोषणा की गई है। उनसे बातचीत के प्रमुख अंश-
घोषणा पत्र जारी किया, युवाओं को 50 लाख रोजगार का वादा, पांच हजार भत्ता देने की बात कही गई है, क्या यह लुभाने के लिए किया?
हमने केलकुलेशन किया, फिर हमने यह घोषणाएं की है। वित्तीय स्थिति देखी है। ५० लाख इसलिए, क्योंकि एक हजार आइटीआई खोल चुके हैं और एक हजार आइटीआई और खोलने जा रहे हैं। हम बीए, बीएससी, बीकॉम वाले ही ज्यादा बेरोजगार रहते हैं। अब हम बीए प्रोफेशनल, बीएससी प्रोफेशनल और बीकॉम प्रोफेशनल कोर्स शुरू कर रहे हैं, जिससे बेरोजगारी ना रहे। हम चाहते हैं कि युवा स्किल्ड हो और उसे रोजगार मिले। यह केन्द्र और राज्य दोनों की योजना है। हर क्षेत्र में रोजगार के अवसर प्राप्त होंगे।
मतदान में कुछ ही दिन बचे हैं, क्या माहौल लग रहा है?
पूरा विश्वास है भाजपा पूर्ण बहुमत से सरकार बनाएगी। फिर एक बार भाजपा सरकार। यह हमारा नारा सार्थक होकर रहेगा।
आपके गौरव संकल्प पत्र में अल्पसंख्यकों के लिए कुछ नहीं है?
हम बहुसंख्यक और अल्पसंख्यक का भेद नहीं मानते। सबका साथ- सबका विकास। इसी नारके साथ चलते हैं। गैस का चूल्हा मिलता है तो हम भेद देख कर नहीं दे रहे। शौचालय बनाए गए, बीमा का फायदा मिला, राजश्री योजना का फायदा हुआ, पीएम आवास योजना में आवास मिले। यह सब भेद देख कर नहीं दिए गए। यह स्कीमें सभी के लिए है। हर वर्ग के गरीब को देखते हुए यह योजनाएं बनाई और इसका फायदा मिला है।
सरकारी नौकरी को लेकर घोषणाएं हुई है, सिर्फ तीस हजार सरकारी नौकरी ?
सरकारी नौकरी उतनी जितने सेवानिवृत है। यहां पन्द्रह हजार ही रिटायर होते हैं, एेसे में रिटायर वाले पद और कुछ नए सृजित करने की बात है। इसलिए स्वरोजगार की तरफ ज्यादा ध्यान दे रही है सरकार।
महिला सशक्तीकरण की बातें होती है, एमपी ने अलग से घोषणा पत्र दिया, यहां सीएम महिला, लेकिन कुछ विशेष नहीं दिखा ?
महिलाओं के लिए पहले से ही सशक्त कार्यक्रम बना चुके हैं। एक करोड़ महिलाओं को मोबाइल देना कोई आसान काम नहीं है। ५५ लाख महिलाओं को फोन मिल चुका है। सरकार महिलाओं के लिए बहुत कार्यक्रम चला रही है।
सीएम दौैरेे कर रही हैं, कुछ जगहों पर विरोध भी देखने को मिल रहा है
नहीं यह गलत हैै, कहीं कोई विरोध नहीं है। कुछ मांगें करने वाले जरूर हो सकते हैं। उनकी सभाआें में भारी भीड़ आ रही है। गौरव यात्रा में भीड़ आई तो कांग्रेस ने कहा सरकारी सिस्टम से लाई गई भीड़ है। अब भीड़ आ रही है। अब यह साफ है कि वे एक नेचुरल लीडर हैं।
नरेंद्र मोदी और अमित शाह आ रहे हैं, क्या आपको लगता है अब भी इन नेताओं का जादू बरकरार है?
जनता के दिमाग पर जादू है, यह जादू बरकरार है। क्योंकि कांग्रेस एक परिवार की पार्टी है और हमारी पार्टी एक परिवार है। हमारे लिए सब एक समान है।
Updated on:
29 Nov 2018, 11:37 AM IST
Published on:
29 Nov 2018, 8:57 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.