
पिता ने ही बेटी की सुपारी देकर करा दी हत्या
बहराइच. 17 मार्च को संदिग्ध अवस्था में गोंडा-बहराइच हाईवे से बरामद एक युवती की लाश का मामला ऑनर-किलिंग की घटना साबित हुई है। इस जघन्य घटना को अंजाम देने वाले कोई और नहीं बल्कि युवती के माता-पिता ही हैं। माता-पिता ने भाड़े के हत्यारों को 3 लाख रुपये की सुपारी देकर अपनी ही बेटी की हत्या करा कर लाश को सड़क किनारे फिकवाने का काम किया था।
थाना पयागपुर की पुलिस टीम ने गोंडा-बहराइच मार्ग से बरामद सुधा वर्मा नाम की एक युवती की लाश के मिलने के मामले में राजफाश करने का काम कर दिखाया है। घटना का खुलासा करते हुए एसपी डॉ गौरव ग्रोवर ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला दबाकर हत्या करने का मामला सामने आने के बाद जब पुलिसिया कारवाही आगे बढ़ी तो घटना का कारण अवैध संबंधों को लेकर ऑनर किलिंग से जुड़ा मामला निकल कर सामने आया।
पुलिसिया पूछताछ में मृतका के पिता नें बताया कि उनकी बेटी सुधा वर्मा का गौरव गुप्ता उर्फ गोलू गुप्ता नाम के युवक से अवैध संबंध था जिसके कारण सुधा शादी नहीं कर रही थी, इसको लेकर घर में काफी विवाद चल रहा था। यही नहीं मृतका सुधा वर्मा आये दिन अपने प्रेमी गौरव गुप्ता (गोलू) के यहाँ आया जाया करती थी।
युवती के प्रेमी गोलू गुप्ता को फसानें के लिये सुधा की हत्या की सुपारी उसके पिता ने 3 लाख रुपए में भाड़े के हत्यारों को दे दिया। जिसमें से 1.5 लाख एडवांस में दिया गया था तथा बाकी पैसा काम होने के बाद दिया जाना था। बीते 17 मार्च को प्लांनिग के तहत मृतका के माता-पिता ने भाड़े के हत्यारों को बुलवाकर घर में रुकवाया और देर रात अपनी बेटी सुधा की गला दबाकर हत्या करवाने के बाद उसकी लाश को गोण्डा-बहराइच हाईवे पर सड़क किनारे फेंकवा दिया और इस घटना में युवती के परिजनों द्वारा हत्या के मामले में युवती के प्रेमी गौरव गुप्ता के खिलाफ थाना पयागपुर में नामजद रिपोर्ट दर्ज कराया गया था। सुपारी लेकर हत्या करवाने के मामले में मृतक युवती के पिता और मां के साथ कुल 6 लोगों को गिरफ्तार कर जेल रवाना कर दिया गया।
Published on:
1 Apr 2019, 7:29 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.