20 फ़रवरी 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

डीएम की बड़ी कार्रवाई, दो को सस्पेंड… जिला समन्वय सहित चार की संविदा समाप्त, कई अधिकारियों को नोटिस जारी

सरकारी स्कूलों की मुफ्त किताबें कबाड़ में बेचने का मामला पकड़ा गया। जांच के बाद डीएम ने दो कर्मचारी को सस्पेंड किया है। चार की संविदा खत्म कर दी गई है। इसके साथ ही कई अधिकारियों को नोटिस जारी किया गया है।

2 min read
Google source verification
डीएम बहराइच फाइल फोटो x अकाउंट

डीएम बहराइच फाइल फोटो x अकाउंट

बहराइच में सरकारी स्कूलों के लिए आई निःशुल्क किताबों को कबाड़ में बेचने के मामले में बड़ी कार्रवाई हुई है। जांच रिपोर्ट मिलने के बाद जिलाधिकारी अक्षय त्रिपाठी ने कई अधिकारियों और कर्मचारियों पर सख्त कदम उठाए हैं। दो कर्मचारियों को निलंबित किया गया है। जबकि कुछ की संविदा समाप्त कर दी गई है। अन्य के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

बहराइच जिले में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए आई मुफ्त पाठ्यपुस्तकों के दुरुपयोग का मामला सामने आने के बाद प्रशासन हरकत में आया। 16 फरवरी को मुरादाबाद नंबर के एक ट्रक (यूपी 21 एफटी 8485) को बायपास रोड स्थित एक कबाड़ी की दुकान से पकड़ा गया था। बताया गया कि यह ट्रक सरकारी किताबों को लेकर उत्तराखंड के काशीपुर जा रहा था। सूचना मिलते ही जिलाधिकारी अक्षय त्रिपाठी के निर्देश पर रामगांव पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। लेकिन कबाड़ी और ट्रक चालक मौके से फरार हो गए।

जांच रिपोर्ट में हुआ खुलासा के बाद हुई कार्रवाई

जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी आशीष सिंह ने ट्रक में लदी किताबों को नए सत्र की निःशुल्क पुस्तकें बताया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी ने पांच सदस्यीय जांच समिति बनाई और दो दिन में रिपोर्ट देने के निर्देश दिए। जांच रिपोर्ट में सामने आया कि किताबों के भंडारण और रिकॉर्ड रखने में भारी लापरवाही बरती गई। इनवॉइस के आधार पर पुस्तकों की वास्तविक प्राप्ति की पुष्टि नहीं की गई थी। भंडारण स्थल पर किताबों की उपलब्धता भी संदिग्ध पाई गई। जिससे संबंधित अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हुए।

इन पर हुई कार्रवाई

रिपोर्ट के आधार पर जिलाधिकारी ने अनुचर आलोक कुमार और शफीक अहमद को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। अनुदेशक अतुल कुमार सिंह, जिला समन्वयक (सामुदायिक सहभागिता) आशुतोष सिंह और स्पेशल एजुकेटर दीपक कुमार की संविदा समाप्त कर दी गई है। इसके अलावा प्रभारी सहायक वित्त एवं लेखाधिकारी वीरेश कुमार वर्मा, खंड शिक्षा अधिकारी (नगर क्षेत्र) डाली मिश्रा और खंड शिक्षा अधिकारी (मुख्यालय) रंजीत कुमार को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।

शासन को भेजी गई जांच रिपोर्ट

डीएम का कहना है कि पूरी जांच रिपोर्ट शासन को भेज दी गई है और संबंधित अधिकारियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की संस्तुति की गई है। उन्होंने साफ कहा कि सरकारी योजनाओं में किसी भी तरह की लापरवाही या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।