
संदिग्ध परिस्थितियों में घर में फंदे से लटकती मिली विवाहिता की लाश, दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज
श्रावस्ती. लक्षण नगर के कहारनपुरवा निवासिनी एक विवाहिता की लाश उसी के कमरे में फंदे से लटकती मिली। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतका के चाचा ने दहेज के लिए अपनी भतीजी की हत्या का आरोप लगाते हुए पति, सास व ससुर सहित चचेरे ससुर के खिलाफ सोनवा पुलिस को तहरीर दी है।
बता दें कि गिलौला थाना क्षेत्र के रामपुर त्रिभौना निवासी अली शेर ने अपनी पुत्री जुबेदा (20 वर्ष) का विवाह कुछ साल पहले सोनवा थाना क्षेत्र के ग्राम नेवरिया के मजरा दुर्गापुर अंतर्गत कहारनपुरवा निवासी रशीद उर्फ गुड्डू पुत्र रोजअली के साथ किया था। जो मौजूदा समय अपनी ससुराल में रह रही थी। जिसकी लाश आज उसी के कमरे में छत से लगे कुंढे में संदिग्ध परिस्थितियों में रस्सी के फंदे से लटकती मिली। मृतका के ससुरालीजनों के अनुसार बुधवार रात सभी परिवारीजन खा पीकर सोने चले गए थे। वह भी जुबेदा के साथ अपने कमरे में सोने गया था। जहां मामूली बात को लेकर दोनों में विवाद हो गया। इसके बाद रशीद छत पर सोने चला गया। जबकि जुबेदा कमरे में ही थी। और सुबह जब रशीद छत से उतर कर कमरे में गया तो वहां जुबेदा की लाश फंदे से लटक रही थी। जिसे रशीद द्वारा फंदे से नीचे उतारा गया।
घटना की जानकारी ससुरालीजनों द्वारा मृतका के मायके वालों को दी गई। मौके पर पहुंचे मृतका के चाचा किस्मत अली द्वारा पति रशीद, ससुर रोजअली, सास साजरून व चचेरे ससुर पांचू पर दहेज के लिए अपनी भतीजी की हत्या का आरोप लगाते हुए सोनवा पुलिस से शिकायत की है। मौके पर पहुंची सोनवा पुलिस ने शव का पंचनामा भरा कर उसे पोस्ट मार्टम के लिए भिनगा भेज दिया है। वहीं इस मामले में सोनवा थानाध्यक्ष यासीन खां बताते हैं कि मृतका के चाचा किस्मत अली की तहरीर पर चारों के विरुद्ध दहेज हत्या का मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।
Published on:
09 Aug 2018 05:20 pm
बड़ी खबरें
View Allबहराइच
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
