
श्री माता वैष्णो देवी के दर्शन करने पहुंच रहे भक्त
बालाघाट. मुख्यालय से लगभग ७ किलोमीटर दूर ग्राम पंचायत कायदी के बनियाटोला पहाड़ी पर स्थित त्रिवेणी पिंडी संगम श्री माता वैष्णो देवी मंदिर में विराजी श्री माता वैष्णो देवी के दर्शन करने के लिए रोजाना भक्तों की भीड़ उमड़ रही है। यहां भक्तजन १६५ सीढ़ी चढ़कर मातारानी के दर्शन कर रहे हैं। वहीं पूजा अर्चना कर आशीर्वाद प्राप्त कर रहे है। त्रिवेणी संगम श्री माता वैष्णो देवी मंदिर में ८८ ज्योति कलश प्रज्जवलित किए गए है।
वारासिवनी क्षेत्र में स्थित श्रीमाता वैष्णो देवी मंदिर समूचे क्षेत्र में आस्था का केंद्र माना जाता है। पहाड़ी में विराजित जगत जननी मां वैष्णो देवी के भक्त जन माता रानी के दरबार में माथा टेकने पहुंचते हैं और मंदिर में मांगी जाने वाली सभी मनोकामनाएं पूरी होती है। बालाघाट जिले सहित अन्य जिले व राज्यों के भक्तजन पहुंचकर माता रानी के दरबार में माथा टेक रहे हैं। श्रद्धालुओं ने बताया कि सच्ची श्रद्धा से आने वाले सभी भक्तजनों की मनोकामनाएं यहां पूर्ण होती है और समस्याएं दूर हो जाती है। मंदिर के पुजारी राजेंद्र मडावी ने बताया कि प्रति वर्ष अनुसार इस वर्ष भी त्रिवेणी पिंडी संगम श्री माता वैष्णो देवी मंदिर में ८८ मनोकामना ज्योति कलश प्रज्ज्वलित कर जवारे बोए गए। पर्व के दौरान प्रतिदिन जस का गायन किया जाता है और अष्टमी को हवन-पूजन कर कन्या भोज कराया गया। वहीं नवमी पर कलश व जवारो का विसर्जन कर महाप्रसादी का वितरण किया जाएगा।
Published on:
6 Oct 2019, 8:38 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.