
बालाघाट. सडक़ नहीं तो वोट नहीं। यह चेतावनी नगर के वार्ड क्रमांक 4 के वार्डवासियों ने दी है। इतना ही नहीं वार्डवासियों ने वार्ड में ही चुनाव बहिष्कार की चेतावनी का बैनर भी लगा दिया है। वार्डवासी कच्ची सडक़, कच्ची नाली, जल निकासी सहित अन्य समस्याओं से काफी परेशान है।
जानकारी के अनुसार नगर के वार्ड क्रमांक 4 सुषमा लेआउट में अब तक पक्की सडक़, नाली का निर्माण नहीं हो पाया है। वर्षों से जल निकासी की समस्या बनी हुई है। बरसात के पूर्व ही वार्डवासियों को जलजमाव का डर सताने लगा है। ग्रीष्म ऋतु में भी खाली पड़े प्लॉटों में जगह-जगह पानी भरा हुआ है। नालियों की साफ-सफाई नहीं होने से गंदगी का अंबार लगा हुआ है। जल निकासी नहीं होने के कारण वार्ड में गंदगी और मच्छर का प्रकोप बना हुआ है। शिकायत किए जाने के बाद भी नगर पालिका इसे गंभीरता से नहीं ले रही है। जिसके कारण समस्या जस की तस बनी हुई है। नगर पालिका केवल आश्वासन ही दे रही है। चुनाव पूर्व जनप्रतिनिधियों ने वार्डवासियों की मांग पूरी करने का आश्वासन दिया था। लेकिन चुनाव जीतने के बाद अपने वादे को भूल गए हैं। जिससे नाराज वार्डवासियों ने अब लोकसभा चुनाव में मतदान नहीं करने का फैसला किया है। इस दौरान अनीता तुरकर, भारती कनसरे, ममता पटले, कुसुम राय, इंदु गोयल, पुष्पांजलि मरकाम, शंकर कनसरे, दशरथ हिरवाने, कृष्ण नगपुरे, आयुष बिसेन, ज्योति बिसेन, राज राय, अनीता गराडे, रघुवीर नगपुरे, राकेश परिहार, आकाश नगपुरे सहित अन्य मौजूद रहे।
नहीं हो रही है सुनवाई
वार्डवासियों ने बताया कि वार्ड की समस्याओं के निराकरण के लिए पार्षद, जनप्रतिनिधियों और नगर पालिका के अधिकारियों को ज्ञापन सौंप चुके हैं। इतना ही नहीं कलेक्टर को भी समस्या से अवगत कराया गया है। बावजूद इसके उनकी कोई सुनवाई नहीं हो रही है। जिम्मेदार वार्ड की समस्या के निराकरण पर ध्यान नहीं दे रहे हैं। जिसके कारण समस्या जस की तस बनी हुई है।
लोकसभा चुनाव का करेंगे बहिष्कार
वार्डवासी अनीता तुरकर ने बताया कि उनके वार्ड में समस्याओं का अंबार है। यहां हमेशा पानी भरा रहता है। पक्की सडक़ नहीं है। आवागमन में काफी परेशानी होती है। यह समस्या बारिश के दिनों सर्वाधिक रहती है। कॉलोनी के बच्चे घर से बाहर नहीं निकाल पाते। इस कारण सभी वार्डवासियों ने जब तक सडक़ नहीं बनेगी, तब तक वोट नहीं देने का निर्णय लिया गया है। अभी लोकसभा चुनाव का बहिष्कार किया जाएगा।
होली में जलाएंगे जनप्रतिनिधियों के पुतले
वार्डवासी अधिवक्ता शंकर कनसरे ने बताया कि वे इस कॉलोनी में पिछले 15 वर्षों से निवास कर रहे है। चुनाव के दौरान जनप्रतिनिधि वोट मांगने के लिए आते हैं। समस्या बताने पर उसके निराकरण का आश्वासन देते हैं। चुनाव समाप्त होने के बाद वे अपने वादों को भूल जाते हैं। आज तक किसी भी जनप्रतिनिधि ने अपना आश्वासन पूरा नहीं किया है। इस कारण वार्डवासियों में आक्रोश है। इस बार लोकसभा चुनाव का बहिष्कार करेंगे। कॉलोनीवासी किसी भी प्रत्याशी को मतदान नहीं करेंगे। जब तक सडक़, नाली का निर्माण सहित अन्य समस्याओं का निराकरण नहीं होता तब तक यह प्रदर्शन जारी रहेगा। इतना ही नहीं इस बार होली पर्व पर सभी जनप्रतिनिधियों के पुतले जलाकर होली मनाएंगे।
Published on:
13 Mar 2024 10:40 pm
बड़ी खबरें
View Allबालाघाट
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
