
बालाघाट. असत्य पर सत्य की जीत का पर्व विजयादशमी दशहरा शनिवार को धूमधाम से मनाया जा रहा है। आज जिला मुख्यालय सहित जिले भर में लंकापति रावण के पुतले के साथ मेघनाथ व कुंभकरण के पुतले का दहन किया जाएगा। दशहरा पर्व को लेकर आयोजन समितियों द्वारा व्यापक तैयारियां की गई हैं। वहीं पुलिस व जिला प्रशासन भी सुरक्षा व शांति व्यवस्था बनाए रखने व्यापक तैयारी कर रहा है।
गव्र्हमेंट स्कूल मैदान में होगा मुख्य समारोह
नगर मुख्यालय के स्थानीय गव्र्हमेंट स्कूल मैदान में इस वर्ष भी श्री महावीर सेवा दल द्वारा मुख्य समारोह रावण दहन का आयोजन किया गया है। दशहरा का चल समारोह गोंदिया रोड स्थित श्रीराममंदिर से रावण दहन के लिए निकलेगा। शोभायात्रा का मुख्य आर्कषक वीर हनुमान सिर में ४० किलो का अष्टधातु का मुकुट धारण कर शोभायात्रा में आगे-आगे चलेंगे। उनके साथ उनकी सेना जय राम श्री राम, जय वीर महावीर का जयघोष करते हुए साथ चलेगी। इसके अलावा सुंदर रथ पर भगवान श्रीराम व लक्ष्मण सहित अन्य झांकिया शामिल रहेंगी। इस वर्ष वीर हनुमान की भूमिका ऋषभ भाटिया के द्वारा निभाई जा रही है।
श्री महावीर सेवा समिति द्वारा दशहरा पर्व पर निकलने वाले शोभायात्रा के लिए दशहरा की पूर्व संध्या पर पवनपुत्र हनुमान ने नगर में भ्रमण कर रिर्हसल किया। हनुमान का पाठ कर रहे ऋषभ भाटिया को ४० किलो वजनी मुकुट सिर में धारण कर रिर्हसल कराया गया। रिर्हसल के लिए शोभायात्रा गोंदिया रोड स्थित श्री राममंदिर से प्रारंभ होकर नगर के प्रमुख मार्गो का भ्रमण करते हुए वापस राममंदिर पहुंच संपन्न हुई। इस दौरान हनुमान जी ने बैंड की धुनों पर जमकर नृत्य कर जुलूस के आगे दौड़ते हुए अपनी यात्रा पूर्ण की। रिर्हसल के दौरान इसके पूर्व में हनुमान की भूमिका निभा चुके अनुभवी युवा भी उपस्थित रहे। जिनके द्वारा महाराज जी को अपने अनुभव से अवगत कराया गया। दशहरा के मुख्य समारोह के लिए शनिवार को दोपहर ३ बजे से श्रीराममंदिर से भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी।
मॉयल नगरी भरवेली में भी गत तीन वर्षो से जिला मुख्यालय की तरह पानीपत सोनीपत की तर्ज पर दशहरा पर्व मनाया जा रहा है। दशहरा के दिन हीरापुर बजरंग मंदिर से चल समारोह निकलेगा। जो सभी में मंदिर में जाकर मत्था टेक आशीर्वाद लेकर भरवेली पहुंचेगा। यहां सभी मंदिरों में जाकर देवी-देवताओं के आर्शीवाद प्राप्त कर शाम ५ बजे दशहरा स्थल मॉयल खेल मैदान पहुंचेगा। जहां लंकापति रावण के पुतले का दहन किया जाएगा। इस अवसर पर भव्य आतिशबाजी का आयोजन किया गया है। इस पर्व को देखने दर्जनों ग्रामों के हजारों लोग उपस्थित होकर रावण दहन के साक्षी बनेंगे।
दशानन का भगवान राम करेंगे अंत
विजयादशमी पर्व अंचल में बड़े ही धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ शनिवार को मनाया जाएगा। दशहरा उत्सव समिति ने व्यापक तैयारी की है। जानकारी अनुसार इस वर्ष भी परंपरानुसार करीब तीन बजे बजरंग वार्ड से 20 फीट ऊंचे रावण का पुतला राम-लक्ष्मण, सीता मैया, हनुमान, भगवान भोलेनाथ, विष्णु जी, नन्हें कृष्ण, बब्बर शेर, भूतों की टोली की आकर्षक झांकियों के साथ शहर भम्रण के लिए निकालेगा। दशानन को सिवनी रोड संकट मोचन हनुमान मंदिर से होकर बड़ा राम मंदिर, बस स्टेंड से होते हुए सिनेमा चौक और अंत में दशहरा मैदान तक लाया जाएगा। यहां भगवान राम लक्ष्मण के हाथों रावण का वध कर दहन किया जाएगा। दशहरा को लेकर श्री महावीर व्यायाम शाला, विहिप, बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने कई हैरत अंगेज कारनामों एवं शस्त्र प्रदर्शन की तैयारी की है। विजयादशमी के अवसर पर चल समारोह में श्री महावीर व्यायाम शाला के युवा हैरत में डालने वाले प्रदर्शन करेंगे।
Published on:
30 Sept 2017 12:37 pm
बड़ी खबरें
View Allबालाघाट
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
