
बिरसा/मंडई. बोर्ड कक्षा दसवीं की प्रदेश की टॉप टेन सूची में स्थान प्राप्त करने वाली ग्रामीण अंचल की दो छात्राओं को शाला प्रबंधन ने सम्मानित किया है। शासकीय उच्चतर कन्या माध्यमिक शाला बिरसा में सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। जबकि शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मंडई में सादे समारोह में छात्रा को सम्मानित किया गया।
शासकीय उच्चतर कन्या माध्यमिक शाला बिरसा के कक्षा दसवीं की छात्रा प्रिया ठाकरे ने 500 में से 492 अंक प्राप्त कर प्रदेश में तीसरा स्थान हासिल किया है। छात्रा की इस उपलब्धि पर प्राचार्य रमा कनेरे ने विद्यालय में सम्मान समारोह का आयोजन किया। प्राचार्य ने छात्रा प्रिया ठाकरे को पुष्पगुच्छ देकर व मिठाई खिलाकर सम्मानित किया। इस अवसर पर शिक्षिका मोनिका पटेल, सीमा टेम्भरे सहित अन्य शिक्षकों ने भी छात्रा को सम्मानित किया। सम्मान समारोह में प्रिया के पिता संतोष ठाकरे, उषा ठाकरे भी शामिल हुई। शालेय परिवार ने माता-पिता को भी सम्मानित किया। कार्यक्रम के दौरान छात्रा प्रिया ने अपनी सफलता का श्रेय प्राचार्य, शिक्षक-शिक्षिकाओं और माता-पिता को दिया है। भविष्य में आइपीएस अधिकारी बनने की इच्छा जाहिर की है। प्राचार्य रमा कनेरे के अनुसार सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं की मेहनत का ही यह परिणाम है। इस वर्ष कक्षा दसवीं का शाला का 73.4 प्रतिशत परिणाम रहा है। वहीं प्रिया के प्रदेश स्तर पर तीसरा स्थान प्राप्त करने पर शाला सहित बिरसा क्षेत्र का नाम रोशन हुआ है।
शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मंडई की छात्रा नेहा बघेल ने बोर्ड कक्षा दसवीं में प्रदेश में छटवां स्थान और जिले में दूसरा स्थान प्राप्त किया है। नेहा ने 97.8 प्रतिशत अंक हासिल कर संस्था, अपने माता-पिता का नाम गौरवांवित किया है। नेहा ने गणित विषय में 100 में से 99 अंक प्राप्त किए। इसी तरह संस्था के ही चिराग ने 95.6 प्रतिशत, लक्ष्मी ने 95.2 प्रतिशत अंक प्राप्त कर शाला का नाम रोशन किया है। संस्था का कक्षा 10वीं का परीक्षा परिणाम 93.65 प्रतिशत और 12 वीं का परीक्षा परिणाम 78.72 प्रतिशत रहा है। छात्रा नेहा बघेल की सफलता पर शाला प्रबंधन की ओर से उसे पुष्प गुच्छ प्रदान कर सम्मानित किया गया। सभी विद्यार्थियों के उज्जवल भविष्य की कामना की गई। शाला के प्राचार्य आरके उइके ने बताया कि सभी शिक्षकों की मेहनत के कारण ही इस वर्ष अच्छा परिणाम रहा है।
Published on:
26 May 2023 10:04 pm
बड़ी खबरें
View Allबालाघाट
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
