
स्कूल के समीप की सरकारी जमींन पर काम्पलेक्स निर्माण पर विचार कर रहे जिम्मेदार
मुख्यालय लालबर्रा में स्वीकृत सांदीपनी उत्कृष्ट विद्यालय के नए भवन निर्माण को लेकर स्थान का अडंगा आ रहा है। स्कूल प्रबंधन के पास नए भवन निर्माण को लेकर पर्याप्त जमींन शेष नहीं है। इस कारण नए स्कूल भवन का निर्माण अन्य स्थान पर कराए जाने की चर्चाएं की जा रही है। इस खबर के बाद अभिभावकों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने एतराज जताया है। जिनका कहना है कि सांदीपनी स्कूल का निर्माण उसी स्थान पर किया जाना चाहिए। अन्य स्थान पर स्कूल खोलने से बच्चों का काफी परेशानियों का सामना करना पड़ेगा।
क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों की माने तो यदि जिस स्थान पर अभी उत्कृष्ट उमावि संचालित है, इस स्थान पर आजू बाजू की अन्य शासकीय भूमि को संरक्षित कर रिजर्व रखा जाए तो बात बन सकती है। यहां सांदीपनी स्कूल का निर्माण किया जा सकता है। नगर के बीचो बीच में बच्चों को स्कूल मुहैया हो सकेगा और आने-जाने में भी सुविधा होगी। स्कूल के निर्माण के बाद यदि कोई शासकीय भूमि शेष बचती है, तो उसमें नगर के विकास के लिए अन्य निर्माण कार्य कराए जा सकते हैं।
जानकारी के अनुसार सांदीपनी स्कूल के समीप की सरकारी जमींन पर वर्तमान में सामुदायिक भवन और पानी टंकी स्थित है। जर्जर होने के कारण इन्हें डिसमेंटल कर यहां बेरोजगारों को रोजगार देने की मंशा से कांप्लेक्स निर्माण कराए जाने की योजना बनाई जा रही है। इसी का विरोध अभिभावक और क्षेत्रीय जनप्रतिधि कर रहे हैं। जिनका कहना है कि काम्पलेक्स निर्माण अन्य स्थान पर भी किया जा सकता है। यदि स्कूल निर्माण के बाद जमींन शेष बचती है तो वहां भी काम्पलेक्स बनाया जा सकता है। लेकिन वर्षो से जिस स्थान पर स्कूल संचालित है वहां से उसे हटा दिए जाने से काफी तकलीफें और समस्याएं उत्पन्न होगी।
स्थानीयजनों की माने तो उत्कृष्ट स्कूल का भवन जिसे अब सांदीपनी स्कूल कर दिया है कई मायनों में खास है। वर्षो पुराना होने से क्षेत्र के कई ऐसे युवा जो अब सरकारी अधिकारी व बाहर कमाने खाने चले हैं उन्होंने इसी स्कूल से शिक्षा अध्ययन की है। उनकी यादें इस स्कूल से जुड़ी हुई है। यदि स्कूल भवन का निर्माण अगल स्थान पर किया जाता है तो ऐसे युवाओं की भावनाओं को ठेस पहुंचेगी। वर्तमान में शिक्षणरत बच्चों को दूर जाना पड़ेगा। कारण यहीं है कि उसी स्थान पर नया स्कूल भवन बनाए जाने की मांग की जा रही है।
इनका कहना है।
विगत कई वर्षों से सांदीपनी स्कूल मुख्यालय में स्वीकृत है। लगभग चार एकड़ भूमि स्कूल संस्थान के रकबे में है। शासन तत्काल इस ओर ध्यान देकर नए स्कूल भवन निर्माण का कार्य प्रारंभ करवाए। सामुदायिक भवन व जीर्ण शीर्ण पानी की टंकी को डिस्मेंटल किया गया है। उक्त भूमि को सांदीपनी स्कूल निर्माण के लिए रिजर्व करें, ताकि भविष्य में बच्चों को उक्त भूमि में नवनिर्मित स्कूल परिसर से शिक्षा व खेलकूद हेतु अच्छी सुविधा मिल सके।
मनीष कुशवाहा, जिला अध्यक्ष कांग्रेस पिछड़ा वर्ग
छात्र-छात्राओं के भविष्य को देखते हुए सामुदायिक भवन व पानी टंकी को तोड़े जाने वाली भूमि को संरक्षित कर इस भूमि को स्कूल बनाने के लिए रिजर्व रखना उचित होगा। शॉपिंग कांप्लेक्स तो अन्यत्र स्थान पर भी बनाए जा सकते हैं। उत्कृष्ट स्कूल वाले स्थान पर ही सांदीपनी स्कूल का निर्माण करना ठीक होगा। इसके लिए कलेक्टर और डीईओ को लालबर्रा पहुंचकर निरीक्षण करना चाहिए।
प्रसन्न अवधिया, भाजपा मंडल अध्यक्ष लालबर्रा
Published on:
15 Sept 2025 05:31 pm
बड़ी खबरें
View Allबालाघाट
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
