
लोकसभा चुनाव : कांकेर से भोजराज होंगे बीजेपी का चेहरा, सांसद मोहन मंडावी का टिकट कटा
बालोद. लोकसभा चुनाव को लेकर भाजपा ने अपने प्रत्याशी की सूची जारी कर दी है। कांकेर लोकसभा क्षेत्र से जहां मोहन मंडावी को पुन: पार्टी प्रत्याशी बनाने की चर्चा लगातार चल रही थी लेकिन इन अटकलों पर विराम लग गया।
मोहन मंडावी के समर्थकों में मायूसी
भाजपा ने वर्तमान सांसद मोहन मंडावी की टिकट काटकर अंतागढ़ के पूर्व विधायक भोजराज नाग को टिकट देकर प्रत्याशी बनाया है। वहीं इस फैसले के बाद मोहन मंडावी के समर्थक मायूस हो गए हैं क्योंकि उन्हें यह विश्वास था कि मोहन मंडावी को दोबारा प्रत्याशी बनाया जाएगा लेकिन ऐसा नहीं हुआ।
जानें कौन है भोजराज नाग
भोजराज नाग अंतागढ़ के निवासी हैं। उन्हें भाजपा ने साल 2014 में हुए विधानसभा उपचुनाव में प्रत्याशी बनाया था, जिसमें उन्होंने जीत हासिल की थी। वहीं अब भाजपा ने उन्हें लोकसभा प्रत्याशी बनाया है। वे 1990 से जनजाति समाज के उत्थान व नशामुक्ति के लिए लगातार काम कर रहे हैं। 2007-10 से जनजाति सुरक्षा मंच प्रांत संगठन मंत्री, छग राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ में सक्रिय है। वर्तमान में वह अनुसूचित जनजाति सुरक्षा मंच के संयोजक हैं।
बीते चुनाव में मोहन मंडावी 6 हजार 9 सौ वोट से चुनाव जीते थे
निर्वाचन आयोग के आंकड़े के मुताबिक साल 2019 में हुए लोक सभा चुनाव में भाजपा के मोहन मंडावी व कांग्रेस के बिरेश ठाकुर के बीच ही चुनावी टक्कर था। इस लोकसभा चुनाव में भाजपा के मोहन मंडावी को 5 लाख 46 हजार, 233 वोट मिले थे। वहीं कांग्रेस के बिरेश ठाकुर को 5 लाख 39 हजार 319 वोट मिले थे। यानी मोहन मंडावी ने मात्र 6 हजार 914 वोट के अंतर से ही चुनाव जितने में सफल हुए थे। वहीं अब पार्टी में भोजराज नाग के ऊपर भरोसा जता कर अपने प्रत्याशी बनाया है।
भाजपा के बाद अब कांग्रेस प्रत्याशी चयन पर चर्चा
भाजपा ने जहां अपने प्रत्याशी की घोषणा कर दी है। वहीं कांग्रेस भी अब जल्द ही बैठक लेकर लोकसभा चुनाव के लिए अपने प्रत्याशी की सूची जारी कर सकती है। हालांकि अभी इसके लिए कुछ दिन समय लग सकता है।
कार्यकर्ताओं में उत्साह, जमकर हुई आतिशबाजी, बांटी मिठाई
कांकेर लोकसभा क्षेत्र से अंतागढ़ के पूर्व विधायक भोजराज नाग को भाजपा प्रत्याशी घोषित किए जाने पर शहर के गांधी भवन रंगमंच, हलधर चौक, इंदिरा चौक आदि स्थानों पर आतिशबाजी कर मिठाइयां बांटी गईं। महासमुंद, कांकेर और बस्तर क्लस्टर के सहप्रभारी यशवंत जैन ने कहा कि छत्तीसगढ़ की सभी सीटों पर मेहनत करने वाले मिलनसार कार्यकर्ताओं को भाजपा ने टिकट दी है। भाजपा इस बार इतिहास लिखते हुए सभी 11 सीटों पर जीत दर्ज करेगी।
अनुभवों से नया सोपान तय करेंगे
पूर्व प्रदेश मंत्री राकेश यादव ने भोजराज नाग को टिकट दिए जाने पर कहा कि अंतागढ़ जैसे घोर नक्सली क्षेत्र से नेतृत्व करने वाले पूर्व विधायक को लोकसभा की टिकट दी गई है। उनके अनुभवों से लोकसभा क्षेत्र विकास में नया सोपान तय करेगा।
Published on:
02 Mar 2024 11:25 pm
बड़ी खबरें
View Allबालोद
छत्तीसगढ़
ट्रेंडिंग
