समर्थन मूल्य पर धान की खरीदी शुरू हो गई है। पर बदली ने किसानों के साथ प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है। जिले में तीन दिनों में कुल 1 लाख 28 हजार 628 क्विंटल धान बेचे हैं। एक भी धान खरीदी केंद्रों से धान का उठाव नहीं किया है।
बालोद. जिले में समर्थन मूल्य पर धान की खरीदी शुरू हो गई है। पर बदली ने किसानों के साथ प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है। जिले के 143 धान खरीदी केंद्रों में जिले में तीन दिनों में 4080 किसानों ने कुल 1 लाख 28 हजार 628 क्विंटल धान बेचे हैं। यानी जिले में 28 करोड़ 32 लाख 8739.20 रुपए का धान की खरीदी हुई है। पर धान की बोरियां अभी भी खुले में पड़ी हैं। डीएमओ द्वारा अभी तक जिले के एक भी धान खरीदी केंद्रों से धान का उठाव नहीं किया है। वहीं धान परिवहन की तैयारी डीएमओ कर रही है। फिलहाल किसान धान की कटाई व मिंजाई तथा दिवाली की तैयारी में व्यस्त हैं। ऐसे में अब जिले में दिवाली के बाद ही धान की बंपर आवक धान खरीदी केंद्रों में होगी।
बारिश के आसार, हल्की बूंदा बांदी हुई, कैप कवर से ढंका गया धान
नोडल अधिकारी कुसुम ठाकुर ने कहा कि जिले के सभी धान खरीदी केंद्रों में धान की सुरक्षा के पूरे इंतजाम हैं। धान बारिश में न भीगे इसलिए कैप कवर से धान को ढंका गया है। खरीदी केंद्र प्रभारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि काम में लापरवाही न बरतें। धान की सुरक्षा पर विशेष ध्यान दें।
10.82 करोड़ की ऋण वसूली, 17 करोड़ 49 लाख का भुगतान
जिले के किसानों द्वारा बेचे गए कुल 1 लाख 28 हजार 628 क्विंटल धान के बदले किसानों को 17 करोड़ 49 लाख 74 हजार 746 रुपए का भुगतान किया गया है। सोमवार से फिर धान की खरीदी की जाएगी। दिवाली के बाद धान की आवक तेज होगी।
जिले के इन केंद्रों में सबसे ज्यादा धान खरीदी
केंद्र - खरीदे धान क्विंटल में
पलारी - 4670
गुरुर - 3988
कंवर - 3438
खुंदनी - 2527
गेंजी - 2354
इन केंद्रों में सबसे कम धान खरीदी
राहुद - 00
अर्जुंनी टिकरी - 47 क्विंटल
कचांदुर - 63
चेंदरीबन नवागांव - 48
अब परिवहन का इंतजार
जिले भर के धान खरीदी केंद्रों में कुल 1 लाख 28 हजार 628 क्विंटल धान बेची गई है। वहीं कुछ दिनों में ही और ज्यादा धान की आवक होगी। इस वजह से अब जल्द से जल्द परिवहन की योजना बनानी होगी। बीते साल धान खरीदी के साथ धान का उठाव भी मिलर्स द्वारा किया गया था, जिसके कारण धान की बर्बादी नहीं हुई। इस बार भी डीएमओ द्वारा योजना बना रही है।
ढंकने के निर्देश दिए गए
नोडल अधिकारी कुसुम ठाकुर ने कहा कि खराब मौसम को देखते हुए जिले भर के धान खरीदी केंद्रों में खरीदे गए धान को ढंकने के निर्देश दिए हैं। लापरवाही कभी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।