
अब नहीं चलेगी चुगली... मेढ़की गांव का अनोखा कानून, चुगलखोरों पर लगेगा 5 हजार का दंड(photo-AI)
Village Resolution: छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में बदलते सामाजिक परिवेश में जहां छोटी-छोटी बातों से रिश्तों में दरार पड़ जाती है, वहीं बालोद जिले के ग्राम मेढ़की ने आपसी शांति बनाए रखने के लिए एक अनोखी पहल की है। गांव में चुगली और भड़काऊ गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए ग्रामीणों ने सामूहिक बैठक कर सख्त निर्णय लिया है।
गुरुवार सुबह आठ बजे आयोजित ग्रामसभा में बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए। बैठक में सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित किया गया कि यदि कोई व्यक्ति सार्वजनिक या व्यक्तिगत रूप से किसी की बातों को इधर-उधर कर आपसी विवाद या वैमनस्य फैलाने की कोशिश करता है, तो उस पर 5 हजार रुपये का आर्थिक दंड लगाया जाएगा।
ग्रामीणों का कहना है कि आपसी चुगली और भड़काने की प्रवृत्ति के कारण गांव का वातावरण प्रभावित हो रहा था। छोटी-छोटी बातों को बढ़ा-चढ़ाकर पेश करने से परिवारों और समुदाय के बीच दूरी बढ़ रही थी। इसी समस्या के समाधान के लिए सामूहिक रूप से यह सख्त निर्णय लिया गया।
बैठक में यह भी तय किया गया कि सामाजिक और धार्मिक आयोजनों में यदि कोई व्यक्ति शराब का सेवन कर पहुंचेगा, तो उसके खिलाफ भी 5 हजार रुपये का जुर्माना लगाया जाएगा। ग्रामीणों का मानना है कि ऐसे आयोजनों में अनुशासन और सम्मान बनाए रखना जरूरी है।
ग्राम मेढ़की का यह फैसला सामाजिक स्तर पर एक मिसाल के रूप में देखा जा रहा है। ग्रामीणों का उद्देश्य स्पष्ट है- गांव में शांति, सौहार्द और पारस्परिक सम्मान कायम रहे। आर्थिक दंड का प्रावधान लोगों को जिम्मेदार व्यवहार के लिए प्रेरित करेगा और चुगली जैसी नकारात्मक प्रवृत्तियों पर अंकुश लगाएगा। बैठक में उपस्थित ग्रामीणों ने एक स्वर में कहा कि गांव की एकता ही उसकी सबसे बड़ी ताकत है, और इसे बनाए रखने के लिए सभी को मिलकर प्रयास करना होगा।
Published on:
20 Feb 2026 12:26 pm
बड़ी खबरें
View Allबालोद
छत्तीसगढ़
ट्रेंडिंग
