
अनिला भेड़िया व देवलाल ठाकुर
बालोद. जिले की तीनों विधानसभा सीटों पर तीनों प्रत्याशी घोषित करने के बाद कांग्रेस ने भी काफी सोच-विचार और मंथन के बाद सिर्फ एक सीट डौंडीलोहारा से प्रत्याशी की घोषणा की है। लगातार दो बार की विधायक व कैबिनेट मंत्री अनिला भेंडिया को टिकट मिली है। अब वे लगातार तीसरी बार चुनाव लड़ेंगी। उन्हें टिकट मिलने के बाद कार्यकर्ताओं ने खुशी मनाई।
दोनों दल चुनाव की तैयारी में जुटे
डौंडीलोहारा विधानसभा में कांग्रेस की अनिला भेंडिया और भाजपा के देवलाल ठाकुर के बीच टक्कर होगी। दोनों दल 21 अक्टूबर से शुरू होने वाले नामांकन प्रक्रिया की तैयारी में जुट गए हैं।
कांग्रेस प्रत्याशी का राजनीतिक सफर
अनिला भेंडिया ने पहली बार कांग्रेस से 2013 में विधानसभा चुनाव लड़ा। उन्होंने भाजपा के होरीलाल रावटे को 19735 मतों से हराया। अनिला भेंडिया को 66,026 वोट और होरीलाल रावटे को 46,291 वोट मिले थे। 2018 में भी उन्हें कांग्रेस ने उन्हें प्रत्याशी बनाया। उन्होंने भाजपा के लाल महेंद्र सिंह टेकाम को 33103 वोट से हराया था। अनिला भेंडिया को 67,448 और लाल महेंद्र को 34,345 वोट मिले थे।
जिला पंचायत अध्यक्ष रह चुके हैं देवलाल ठाकुर
देवलाल ठाकुर बालोद जिला गठन के बाद जिला पंचायत चुनाव जीतकर 2013 में जिला पंचायत अध्यक्ष बने। वे कांग्रेस समर्थित थे। 2018 में उन्होंने कांग्रेस से अलग होकर निर्दलीय विधानसभा चुनाव लड़ा। वे 21,368 वोट लेकर तीसरे स्थान पर रहे। इसके कारण उन्हें कांग्रेस से निष्कासित कर दिया गया था। इसके बाद 22 जनवरी 2021 में उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह की उपस्थिति में रायपुर भाजपा का दामन थामा। भाजपा ने उन्हें पहले प्रदेश प्रवक्ता और अब प्रत्याशी बनाया है।
भेंडिया परिवार के सदस्य 9 बार बने विधायक
डौंडीलोहारा विधानसभा में अब तक 14 बार चुनाव हुए हैं। कांग्रेस से सबसे ज्यादा 9 बार इस परिवार के विधायक बने है। जबकि टेकाम परिवार से तीन बार विधायक बने है। इस बार भाजपा ने देवलाल ठाकुर को उतारा है। सबसे पहली विधायक 1957 से 1962 तक झमित कुंवर रही। इसके बाद भेंडिया परिवार से झुमुक लाल भेंडिया 1962 से 1985 तक लगातार पांच बार विधायक रहे। इसके बाद 1990 से 1992 तक छठवीं बार विधायक बने।
डौंडीलोहारा विधानसभा में अब तक के विधायक
विधायक - साल
झमित कुंवर -1957-1962
झुमुक लाल भेंडिया - 1962-1967
झुमुक लाल भेडिया -1967-1972
झुमुक लाल भेडिया - 1972-1977
झुमुक लाल भेडिया -1977-1982
जनक लाल ठाकुर -1985-1990
झुमुक लाल भेडिया -1990-1992
जनक लाल ठाकुर -1993-1998
डोमेन्द्र भेंडिया -1998-2003
लाल महेंद्र सिंह टेकाम -2003-2008
नीलिमा टेकाम -2008-2013
अनिला भेंडिया-2013-2018
अनिला भेंडिया-2018-2023
बालोद व गुंडरदेही से घोषणा बाकी
जिले की दो विधानसभा से कांग्रेस अपने प्रत्याशी घोषित नहीं कर सकी है। सूत्रों की माने संजारी बालोद व गुंडरदेही के लिए प्रत्याशी लगभग तय हो चुके हैं, सिर्फ घोषणा बाकी है। उम्मीद है कि एक-दो दिन में प्रत्याशी घोषित हो जाएंगे।
Published on:
16 Oct 2023 05:30 pm
बड़ी खबरें
View Allबालोद
छत्तीसगढ़
ट्रेंडिंग
