13 जनवरी 2026,

मंगलवार

Patrika LogoSwitch to English
home_icon

होम

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

महिला एवं बाल विकास विभाग मंत्री के जिले में नहीं स्त्री रोग विशेषज्ञ, सीएम और स्वास्थ्य मंत्री को लिखेंगे पत्र

बालोद जिला अस्पताल में स्त्री रोग विशेषज्ञ की कमी है। वहीं जिले के जनप्रतिनिधि भी मान रहे हैं कि स्त्री रोग विशेषज्ञ की भर्ती की जाए, जिससे महिलाओं को इसका लाभ मिले। प्रदेश की महिला एवं बाल विकास मंत्री व डौंडीलोहारा विधायक अनिला भेंडिया ने स्त्री रोग विशेषज्ञ की भर्ती के लिए स्वास्थ्य मंत्री व मुख्यमंत्री को पत्र लिखने की बात कही है।

2 min read
Google source verification
केस रेफर किए जा रहे

जिला अस्पताल बालोद

बालोद. जिला अस्पताल में स्त्री रोग विशेषज्ञ की कमी है। वहीं जिले के जनप्रतिनिधि भी मान रहे हैं कि स्त्री रोग विशेषज्ञ की भर्ती की जाए, जिससे महिलाओं को इसका लाभ मिले। प्रदेश की महिला एवं बाल विकास मंत्री व डौंडीलोहारा विधायक अनिला भेंडिया ने स्त्री रोग विशेषज्ञ की भर्ती के लिए स्वास्थ्य मंत्री व मुख्यमंत्री को पत्र लिखने की बात कही है। मंत्री ने कहा कि जिला अस्पताल में स्त्री रोग विशेषज्ञ नहीं होना गंभीर बात है। इस पर तत्काल पहल की जाएगी। वहीं संसदीय सचिव कुंवर सिंह निषाद एवं विधायक संगीता सिन्हा ने भी शासन को पत्र लिखकर नियुक्ति की मांग करेंगे। दरअसल स्त्री रोग विशेषज्ञ नहीं होने के चलते जिला अस्पताल में आए दिन गंभीर प्रसव के लिए अस्पताल आई महिलाओं को रेफर किया जा रहा है। महिलाओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

निकाली है वेकेंसी, इच्छुक चिकित्सकों से होगी चर्चा
जिला अस्पताल में स्त्री रोग विशेषज्ञ की कमी को देखते हुए जिला प्रशासन व जिला स्वास्थ्य विभाग ने वेकेंसी निकाली है। स्वास्थ्य विभाग की माने तो चार स्त्रीरोग विशेषज्ञ चिकित्सकों ने संपर्क किया है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एसके मंडल ने बताया कि इन चिकित्सकों से जल्द ही बैठक कर चर्चा की जाएगी। वहीं सूत्रों के मुताबिक कुछ चिकित्सक काम करने अपनी शर्तें भी रखी हैं। इसलिए विभाग इनकी शर्तों पर विचार करने बैठक लेगा।

जिला अस्पताल में नियमित हो स्त्री रोग विशेषज्ञ
जिला अस्पताल आई महिला गीतेश्वरी, रेणुका, छबि सार्वा ने बताया कि जिला अस्पताल में स्त्री रोग विशेषज्ञ की बहुत जरूरत है। इस बात को प्रदेश सरकार, स्वास्थ्य संचालनालय व जिले के जनप्रतिनिधि गंभीरता से लें। महिलाओं को कितनी तकलीफ हो रही है, यह महिलाएं ही जानती हैं। हमें शासन व जिले के जनप्रतिनिधियों पर विश्वास है कि स्त्री रोग विशेषज्ञ की भर्ती के लिए विशेष प्रयास करेंगे। जल्द जिला अस्पताल में स्त्री रोग विशेषज्ञ की भर्ती होगी।

हर माह होते थे 100 से 130 प्रसव
स्त्री रोग विशेषज्ञ नहीं होने से क्या परेशानी हो रही है, यह इस आंकड़े को देखकर समझा जा सकता है। पहले जिला अस्पताल में हर माह लगभग 100 से 130 तक प्रसव संख्या पहुंच जाता था। दो माह पूर्व स्त्री रोग विशेषज्ञ इस्तीफा देकर गए, तब से स्थिति चिंताजनक है। अगस्त में जिला अस्पताल में कुल 84 प्रसव के केस आए हैं। इसमें से 25 केस रेफर हुए हैं। सिर्फ 12 प्रसव ऑपरेशन एवं 47 सामान्य प्रसव हुए हैं। कई ऐसे भी केस हैं, जिन्हें मजबूरी में निजी अस्पतालों में जाकर प्रसव कराना पड़ रहा है।

स्त्री रोग विशेषज्ञ नहीं होना गंभीर बात
महिला एवं बाल विकास मंत्री अनिला भेडिय़ा ने कहा कि जिला अस्पताल में स्त्री रोग विशेषज्ञ नहीं होना गंभीर बात है। इसके लिए स्वास्थ्य मंत्री व मुख्यमंत्री को पत्र लिखूंगी। प्रयास किया जाएगा जल्द स्त्री रोग विशेषज्ञ की भर्ती हो।

मुख्यमंत्री से भी चर्चा करेंगे
संसदीय सचिव कुंवर सिंह निषाद ने कहा कि मामले में जल्द स्वास्थ्य संचालनालय व शासन से चर्चा की जाएगी। मुख्यमंत्री से भी चर्चा करेंगे। प्रयास रहेगा कि जल्द स्त्री रोग विशेषज्ञ की भर्ती हो।

नियमित स्त्रीरोग विशेषज्ञ की नियुक्ति बहुत जरूरी
संजारी बालोद विधायक संगीता सिन्हा ने कहा कि जिला अस्पताल में नियमित स्त्रीरोग विशेषज्ञ की नियुक्ति बहुत जरूरी है। इसके लिए मुख्यमंत्री व स्वास्थ्य संचालनालय से चर्चा कर इसकी व्यवस्था की जाएगी।