
दलदल वाली सड़क की फोटो सोशल मीडिया पर डालते ही मच गया हड़कंप, कलेक्टर ने छुट्टी के दिन जनपद CEO को भेजा गांव
बालोद. सिर्राभाठा के दलदल वाली सड़क की फोटो वाट्सअप में वायरल होता देख बालोद कलेक्टर तुरंत एक्शन मोड में आ गए। उन्होंने तत्काल जनपद सीईओ को तलब कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने का आदेश दिया। दरअसल गांव के युवक ने दलदल वाली सड़का फोटो खींचकर कलेक्टर को वाट्सअप कर दिया। जिसके बाद हड़कंप मच गया। कलेक्टर ने इस सड़क की दशा देखकर अवकाश के दिन भी गुंडरदेही जनपद सीईओ को सड़क की स्थिति देखने निर्देश दिया। जनपद के अधिकारी व इंजीनियर सीधे गांव पहुंचे और सड़क की स्थिति का जायजा लिया। ग्रामीणों के बयान भी लिए। सिर्राभाठा निवासी पूर्व शाला प्रबंधन समिति अध्यक्ष रूपचंद जैन ने पसौद से सिर्राभाठा पहुंच मार्ग की स्थिति फेसबुक व सोशल मीडिया के माध्यम से सीधे कलेक्टर जनमेजय महोबे को अवगत कराया था।
जनपद सीईओ ने बनवाया स्टीमेट
कलेक्टर के आदेश के बाद गुंडरदेही जनपद सीईओ एलएल निषाद व जनपद के इंजीनियरों की टीम गांव पहुंची। ग्रामीणों से चर्चा की, फिर उन्होंने सड़क व पुलिया का स्टीमेट बनाया। जिसकी रिपोर्ट अब जिला प्रशासन को देंगे। फिर आगे की कार्रवाई होगी।
कीचड़ भरे रास्ते से शव लेकर गुजरते हैं लोग
ग्रामीण अध्यक्ष ओमप्रकाश सिन्हा, अमृतानंद सिन्हा ने बताया कि अधिकारियों के आने के एक दिन पहले ही गांव में एक व्यक्ति का निधन हो गया। अंतिम संस्कार के लिए मुक्तिधाम तक शव को 4 कंधों में ले जाया जाता है। मुक्तिधाम इसी मार्ग पर है। लेकिन सड़क की बदतर स्थिति को देखते हुए ट्रेक्टर से शव को ले जाया गया। इस मार्ग को मरम्मत की जरूरत है।
मुरुम डाली थी, बारिश के कारण हो गया दलदल
सरपंच दानी राम सिन्हा, पंच बलराम सिन्हा, लालेश्वर ठाकुर ने बताया कि सड़क को बराबर करने के नाम पर पंचायत ने मुरुम डालकर रोड की मरम्मत करने की प्लानिंग थी ताकि राहगीरों को सुविधा हो। वर्तमान में इस मार्ग पर साइकिल या गाड़ी तो दूर पैदल चलना भी मुश्किल है। पूरा मार्ग पर दलदल हो गया है। इस मार्ग पर केवल गड्ढे और मिट्टी ही मौजूद हैं। सड़क की दुर्दशा का अंदाजा फोटो को देखकर ही लगाया जा सकता है। एलएल निषाद, सीईओ, जनपद पंचायत गुंडरदेही ने बताया कि कलेक्टर के निर्देश पर इंजीनियर की टीम के साथ गांव जाकर सड़क की स्थिति का जायजा लिया। अब यहां सड़क निर्माण के लिए स्टीमेट बनाकर कलेक्टर को भेजा जाएगा।
Published on:
24 Aug 2020 07:34 pm
बड़ी खबरें
View Allबालोद
छत्तीसगढ़
ट्रेंडिंग
