6 मार्च 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

तहसील दफ्तर में लगी भीषण आग, रिकॉर्ड बचाने में जुटा प्रशासन

CG News: आग पर काबू पाने के लिए दमकल विभाग की गाड़ियां लगाई गईं। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए आसपास स्थित सीमेंट संयंत्रों से भी अतिरिक्त फायर ब्रिगेड वाहन बुलाए गए।

less than 1 minute read
Google source verification
CG News: तहसील दफ्तर में लगी भीषण आग, रिकॉर्ड बचाने में जुटा प्रशासन

CG News: बलौदाबाजार शहर के तहसील कार्यालय में शुक्रवार सुबह अचानक भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि आग तहसील परिसर में स्थित डीएसपी कार्यालय की पुरानी बिल्डिंग की ओर से लगी, जो धीरे-धीरे फैलते हुए तहसीलदार कार्यालय की दिशा में बढ़ने लगी। आग की लपटें और धुआं उठते देख इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

घटना की जानकारी मिलते ही प्रशासन और दमकल विभाग की टीम तुरंत मौके पर पहुंच गई। अधिकारियों ने सबसे पहले तहसील कार्यालय में रखे महत्वपूर्ण दस्तावेज और रिकॉर्ड को सुरक्षित बाहर निकलवाने का काम शुरू किया। इसके बाद आग पर काबू पाने के लिए दमकल विभाग की गाड़ियां लगाई गईं। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए आसपास स्थित सीमेंट संयंत्रों से भी अतिरिक्त फायर ब्रिगेड वाहन बुलाए गए।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार सुबह करीब 5 बजे बलौदाबाजार की सबसे पुरानी और ऐतिहासिक तहसील भवन में आग लगी थी। आग के कारण तहसीलदार कार्यालय और रिकॉर्ड रूम के कुछ हिस्सों को नुकसान पहुंचा है। हालांकि प्रशासन की तत्परता के कारण महत्वपूर्ण दस्तावेजों को समय रहते सुरक्षित निकाल लिया गया।

मौके पर मौजूद एसडीएम प्रकाश कोरी ने बताया कि रिकॉर्ड रूम पूरी तरह सुरक्षित है और जरूरी दस्तावेजों को नुकसान नहीं पहुंचा है। दमकल विभाग की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया है और स्थिति अब नियंत्रण में है।

फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुट गया है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि आग कैसे लगी।