
गैस सिलेंडर की कलाबजारी पर बलौदाबाजार कलेक्टर हुए सख्त ( Photo - Patrika )
LPG Cylinder: युद्ध के चलते प्रदेश में कमर्शियल गैस की आपूर्ति नहीं की जा रही है। इसे लेकर बार, रेस्टोरेंट संचालकों में हड़कंप मचा हुआ है। दूसरी ओर आम उपभोक्ता भी घरेलू गैस को लेकर परेशान हो रहे हैं। इसे लेकर अफवाहों का बाजार भी गर्म है। वहीं बलौदाबाजार में कहीं-कहीं गैस की कालाबाजारी की चर्चा है। हालांकि अभी तक किसी भी मामले खुलासा नहीं है। ऐसे में इन मामलों पर लगाम लगाने के लिए कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने गैस संचालकों के साथ बैठक कर आवश्यक निर्देश दिए हैं।
कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने जिले के घरेलू एलपीजी गैस वितरकों के साथ बैठक कर रसोई गैस की उपलब्धता और वितरण व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने सभी एजेंसियों को निर्देशित किया कि उपभोक्ताओं को सामान्य रूप से और निर्धारित मूल्य पर एलपीजी गैस उपलब्ध कराई जाए तथा कहीं भी शॉर्टेज की स्थिति उत्पन्न न होने दी जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि कालाबाजारी या अधिक मूल्य पर गैस बेचने की शिकायत मिलने पर संबंधित एजेंसी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
कलेक्टर ने यह भी निर्देश दिए कि सभी वितरक एलपीजी के भंडारण और वितरण से संबंधित पंजी नियमित रूप से संधारित करें और विभागीय अधिकारियों द्वारा मांगे जाने पर उपलब्ध कराएं। साथ ही उन्होंने कमर्शियल एलपीजी की आपूर्ति के लिए भी आपसी समन्वय बनाए रखते हुए पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इधर जिला मुख्यालय बलौदा बाजार में लगातार यह शिकायतें भी मिल रही हैं कि कई होटल, ढाबे और सडक़ किनारे लगे स्ट्रीट फूड स्टॉलों में कमर्शियल गैस सिलेंडर की बजाय घरेलू गैस सिलेंडर का उपयोग किया जा रहा है।
एक ओर जहां आम उपभोक्ता गैस सिलेंडर के लिए परेशान होते हैं, वहीं दूसरी ओर कई व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में घरेलू सिलेंडर का खुलेआम उपयोग किया जा रहा है, जिस पर कार्रवाई की मांग उठ रही है। सूत्रों के अनुसार घरेलू गैस सिलेंडर की कमी की खबरों के बाद कुछ लोग कालाबाजारी में भी सक्रिय हो गए हैं। बताया जा रहा है कि कुछ स्थानों पर घरेलू सिलेंडर ब्लेक में लगभग 1600 रुपये तक में बेचे जाने की शिकायतें सामने आई हैं, जिस पर प्रशासन द्वारा कड़ी निगरानी रखने की आवश्यकता जताई जा रही है।
अति आवश्यक सेवा वालों को ही कमर्शियल सिलेंडर उपलब्ध, आम जनता को नहीं
देश के कई हिस्सों में कमर्शियल गैस सिलेंडर की सप्लाई बंद होने के बाद अब भाटापारा में भी इसका वितरण बंद हो चुका है। फिलहाल केवल अति आवश्यक सेवा से जुड़े लोगों को ही कमर्शियल सिलेंडर उपलब्ध कराया जा सकता है। एजेंसी से मिली जानकारी में बताया गया कि घरेलू गैस सिलेंडर की सप्लाई लगातार जारी है, लेकिन कमर्शियल गैस पर रोक लग गई है।
विशेषज्ञों का कहना है कि इस कदम से एक-दो दिनों के भीतर होटल, रेस्टोरेंट और अन्य सेवाओं पर असर पडऩा शुरू हो जाएगा।
इसके साथ ही, गैस के दामों में पहले ही वृद्धि हो चुकी है। कमर्शियल सिलेंडर में 115 रुपए और घरेलू गैस में 60 रुपए प्रति सिलेंडर की बढ़ोतरी हुई है। बावजूद इसके सरकार कमर्शियल सिलेंडर की उपलब्धता सुनिश्चित नहीं कर पा रही है। विशेषज्ञ मानते हैं कि अमेरिका, इजरायल और ईरान के बीच जारी युद्ध यदि लंबा चलता है, तो लोगों को और भी कठिनाइयों का सामना करना पड़ सकता है। वर्तमान में पेट्रोल और डीजल पर कोई बड़ा असर नहीं दिख रहा है, लेकिन जानकारों का अनुमान है कि शीघ्र ही इनकी कीमतों में भी बदलाव देखने को मिल सकता है।
बुधवार को सुबह गैस एजेंसी पर सिलेंडर खरीदने वालों की लंबी कतारें देखी गईं। लोग सरकार की नीतियों और विकास के दावों पर सवाल उठा रहे हैं। उनका कहना है कि ऐसे समय में भारत में आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता सुनिश्चित करनी चाहिए और सरकार को इस पर विशेष ध्यान देना चाहिए।
Published on:
12 Mar 2026 01:52 pm
बड़ी खबरें
View Allबलोदा बाज़ार
छत्तीसगढ़
ट्रेंडिंग
