
प्रतीकात्मक फोटो
Chhattisgarh New Railway Line: छत्तीसगढ़ में रेल सुविधाओं का विस्तार तेजी से हो रहा है। डोंगरगढ़ से लेकर कटघोरा तक प्रस्तावित नई रेल लाइन की मंजूरी मिलने के बाद अब खरसिया से बलौदाबाजार के बीच 110.5 किलोमीटर लंबी नई डबल रेल लाइन के निर्माण की हरी झंडी मिली है। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के तहत ₹3,103.69 करोड़ का EPC टेंडर जारी किया गया है। इस प्रस्ताव के तहत बलौदाबाजार जिले के 36 गांवों को बड़ा लाभ होगा। बता दें कि इन गांवों से होकर ट्रेन गुजरेगी। ऐसे में औद्योगिक और ग्रामीण क्षेत्रों में रेल लाइन के विस्तार से कनेक्टिविटी को मजबूती मिलेगी।
बलौदाबाजार-भाटापारा जिला प्रदेश के प्रमुख सीमेंट औद्योगिक क्षेत्रों में शामिल है। जिले में कई बड़े सीमेंट संयंत्र संचालित हैं, जबकि पावर प्लांट सहित विभिन्न औद्योगिक परियोजनाएं संचालित और निर्माणाधीन हैं। ऐसे में बढ़ते औद्योगिक परिवहन के बीच बेहतर रेल कनेक्टिविटी की लंबे समय से जरूरत महसूस की जा रही है।
नई रेल लाइन बलौदाबाजार जिले के कुल 36 गांवों से होकर गुजरेगी। इनमें बलौदा बाजार तहसील के 14, पलारी तहसील के 13 और लवन तहसील के 9 गांव शामिल हैं। बलौदा बाजार तहसील के खम्हरिया, सेम्हराडीह, चांपा पुरान, संकरी, दशरमा, भरवाडीह, पौंसरी, गोडख़परी, मगरचबा, ठेलकी, छुईहा, रिसदा और सैहा गांव प्रभावित होंगे।
पलारी तहसील के चुचरूंगपुर, रेंगाडीह, गाड़ाभाठा, गुमा, जारा, मुसवाडीह, गितकेरा, अमलीडीह, परसवानी, झिराही, छेरकाडीह, खपरी और सरकीपार गांव, लवन तहसील के खैंदा, पनगांव, अमलकुण्डा, धनगांव, मिश्राईनडीह, भदरा, सुढेली, बिटकुली और ताराशिंव गांवों की भूमि भी रेल लाइन निर्माण के लिए अधिग्रहित की जाएगी। इस प्रकार बलौदा बाजार जिले में कुल 343.56 हेक्टेयर भूमि का अधिग्रहण प्रस्तावित है।
रेल कनेक्टिविटी मजबूत होने का असर केवल उद्योगों तक सीमित नहीं रहेगा। इससे व्यापार, रोजगार, निवेश और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी नई गति मिलने की संभावना है। लिहाजा खरसिया-बलौदाबाजार रेल लाइन को जिले के औद्योगिक और आर्थिक विकास के लिए एक महत्वपूर्ण परियोजना के रूप में देखा जा रहा है। रेल की पटरी बढ़ेगी तो उद्योगों की रफ्तार बढ़ेगी और उद्योग बढ़ेंगे तो बलौदाबाजार के विकास को भी नई दिशा मिलेगी।
Baloda Bazar New Railway Line: गौरतलब है कि प्रचुर मात्रा में खनिज एवं वन संपदा होने के बावजूद रेलवे लाइन से अब तक अछूते रहे क्षेत्र में रेलवे का आना विकास की गति को और अधिक तेज करेगा। नई रेलवे लाईन प्रारंभ हो जाने से सीमेंट हब के रूप में स्थापित हो चुके बलौदा बाजार को यातायात तथा व्यापारिक दृष्टिकोण से रेलवे लाईन से काफी फायदा होगा। बलौदा बाजार जिले के क्लिंकर, चूना पत्थर के साथ ही साथ रायगढ़ जिले का इस्पात, पावर प्लांट, जांजगीर चांपा जिले के पावर प्लांट के साथ ही साथ जिले के समुचित विकास में और अधिक मदद मिलेगी।
यह रेल परियोजना 278 किलोमीटर लंबे खरसिया-नया रायपुर-परमालकसा रेल कॉरिडोर का महत्वपूर्ण हिस्सा है। पूरे कॉरिडोर से प्रदेश के आठ जिलों को सीधा लाभ मिलने की संभावना है। परियोजना के तहत आधुनिक रेलवे इंफ्रास्ट्रक्चर विकसित किया जाएगा, जिसमें डबल ब्रॉडगेज रेल लाइन, विद्युतीकरण, फ्लाईओवर, रेलवे ओवरब्रिज (ROB), रेलवे अंडरब्रिज (RUB), अत्याधुनिक सिग्नलिंग और टेलीकम्युनिकेशन सिस्टम शामिल हैं।
Updated on:
13 Aug 2026 03:05 pm
Published on:
13 Aug 2026 03:05 pm
