
Snake bite
कुसमी. Snake bite: मां के साथ जमीन पर सो रही 11 माह की बालिका को बुधवार की रात करैत सांप ने डस लिया। बेटी के रोने की आवाज सुनकर परिजनों की नींद खुल गई। उन्होंने टॉर्च जलाकर देखा तो करैत सांप लेटा हुआ था। बालिका के हाथ में सांप ने डस लिया था। परिजनों द्वारा बालिका को अस्पताल ले जाने संजीवनी एक्सप्रेस के कर्मचारियों को फोन लगाया गया लेकिन उन्होंने रिसीव नहीं किया। ऐसे में घर पर ही झाडफ़ूंक व जड़ी-बूटी से इलाज चलता रहा। सुबह जब बालिका को लेकर वे अस्पताल पहुंचे तो डॉक्टरों ने जांच पश्चात उसे मृत घोषित कर दिया।
बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के सामरी से लगे ग्राम गोपातु निवासी कमलेश बुनकर परिवार समेत बुधवार की रात जमीन पर सो रहा था। इसी दौरान देर रात करीब 1 बजे उसके 11 माह की अबोध बच्ची काजल की रोने की आवाज आई तो कमलेश एवं उसकी पत्नी सरस्वती जाग गए।
वे मोबाइल का टॉर्च जलाकर देखे तो वहां विषैला करैत सांप दिखा जिससे परिवार के सदस्य घबरा गए और बच्ची को ध्यान से देखे तो उसके बाएं हाथ मे काटने का निशान था। देर रात को परिवार के सदस्यों ने एम्बुलेंस के लिए 108 में फोन लगाया। लेकिन संजीवनी एम्बुलेंस के कर्मचारियों ने फोन रिसीव नही किया।
गांव के मितानिन द्वारा भी संजीवनी के कर्मचारियों से फोन में सम्पर्क करने का प्रयास किया गया। लेकिन सम्पर्क नही हो पाया। फिर देर रात में परिवार के सदस्यों ने कई घरों के दरवाजे में मदद के लिए दस्तक दी, लेकिन सभी गहरी नींद में थे, इस कारण कोई बाहर नहीं आया। परेशान परिवार के घर में रखी बाइक में पेट्रोल भी नहीं था।
घर पर ही करना पड़ा इलाज
विवश होकर परिजन अपने किसी बुजुर्ग रिश्तेदार से बच्ची का रात को झाडफ़ूंक एवं जड़ी बूटी से उपचार कराते रह।े लेकिन बच्ची की हालत बिगड़ती गई। फिर गुरुवार की सुबह करीब 6 बजे बच्ची को लेकर परिजन कुसमी अस्पताल पहुंचे, लेकिन यहां पहुंचते ही चिकित्सकों ने बच्ची को मृत घोषित कर दिया।
सूचना पाकर सामरी पुलिस ने अस्पताल पहुंच कर मर्ग कायम कर शव का पीएम कराया। घटना से परिजनों में मातम पसर गया है। समय रहते यदि बच्ची को लेकर परिजन किसी तरह से अस्पताल पहुंच गए होते तो उसकी जान बचाई जा सकती थी।
Published on:
18 Aug 2022 09:08 pm

बड़ी खबरें
View Allबलरामपुर
छत्तीसगढ़
ट्रेंडिंग
