
एआई तस्वीर
बलरामपुर में बेसिक शिक्षा विभाग ने कक्षा एक से आठ तक की वार्षिक परीक्षाओं का विस्तृत कार्यक्रम जारी कर दिया है। घोषित समय-सारिणी के अनुसार जिले के सभी परिषदीय विद्यालयों में 16 मार्च से परीक्षाएं शुरू होंगी। इस वर्ष लगभग 2 लाख 10 हजार छात्र-छात्राएं परीक्षा में शामिल होंगे। कार्यक्रम जारी होते ही विद्यालयों में तैयारियां तेज कर दी गई हैं। शिक्षकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दे दिए गए हैं।
विभाग की ओर से जारी सूचना के मुताबिक 16 मार्च को कक्षा एक से पांच तक के विद्यार्थियों की सभी विषयों की मौखिक परीक्षा कराई जाएगी। इसी दिन कक्षा छह से आठ तक के छात्रों की पहली पाली में बेसिक क्राफ्ट एवं गृह शिल्प और दूसरी पाली में खेल व शारीरिक शिक्षा की लिखित परीक्षा होगी।
17 मार्च को पहली पाली में कक्षा दो से आठ तक गणित विषय का पेपर आयोजित किया जाएगा। दूसरी पाली में कक्षा तीन से आठ तक संस्कृत और उर्दू की परीक्षा होगी। 18 मार्च को पहली पाली में कक्षा तीन से आठ तक सामाजिक विज्ञान तथा दूसरी पाली में कक्षा दो से आठ तक अंग्रेजी विषय की परीक्षा निर्धारित की गई है। 19 मार्च को पहली पाली में कक्षा दो से आठ तक हिंदी विषय की परीक्षा होगी। दूसरी पाली में कक्षा तीन से आठ तक कला और संगीत का पेपर कराया जाएगा। अंतिम दिन 20 मार्च को पहली पाली में कक्षा तीन से पांच तक कार्यानुभव और नैतिक शिक्षा, जबकि कक्षा छह से आठ तक विज्ञान विषय की परीक्षा ली जाएगी। उसी दिन दूसरी पाली में कक्षा छह से आठ तक पर्यावरण अध्ययन की परीक्षा संपन्न होगी।
बेसिक शिक्षा अधिकारी शुभम शुक्ल ने बताया कि परीक्षा शांतिपूर्ण और निष्पक्ष ढंग से कराने के लिए सभी खंड शिक्षा अधिकारियों व प्रधानाध्यापकों को जरूरी निर्देश दिए गए हैं। साथ ही अभिभावकों से अपील की गई है कि वे बच्चों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करें और तैयारी में सहयोग दें।
Published on:
25 Feb 2026 05:43 pm
बड़ी खबरें
View Allबलरामपुर
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
