
सांकेतिक तस्वीर मृतक की फाइल फोटो जेनरेट Ai
Balrampur Accident: बलरामपुर जिले में रविवार को हुए एक भीषण सड़क हादसे ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। कौवापुर मोड़ के पास दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई। जिसमें दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे की खबर मिलते ही गांवों में मातम का माहौल फैल गया।
Balrampur Accident: बलरामपुर जिले के महराजगंज थाना क्षेत्र में रविवार को एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में दो युवकों की जान चली गई। जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। यह हादसा कौवापुर गांव के पास खरझार नाला स्थित गन्ना कांटा के समीप हुआ। जहां दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई। जानकारी के अनुसार सुगानगर ग्राम पंचायत के रहने वाले अजय उर्फ छोटू और मनोज लोधी रविवार सुबह करीब साढ़े ग्यारह बजे मोटरसाइकिल से इकौना की ओर जा रहे थे। बताया गया कि मनोज अपने बड़े भाई के लिए दवा लेने घर से निकला था। उसके साथ उसका दोस्त अजय भी बाइक पर बैठा था। इसी दौरान जयनगर ग्राम पंचायत निवासी शकील भी अपनी मोटरसाइकिल से कहीं से लौटते हुए घर की ओर जा रहा था। जैसे ही दोनों बाइक सवार कौवापुर मोड़ के पास पहुंचे। अचानक दोनों बाइकों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों मोटरसाइकिलें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। तीनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसा होते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। लोगों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। ग्रामीणों की मदद से तीनों घायलों को एंबुलेंस से जिला अस्पताल पहुंचाया गया। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मनोज लोधी और शकील को मृत घोषित कर दिया। जबकि अजय उर्फ छोटू का इलाज चल रहा है।
बताया जाता है कि मनोज अपने पिता जय नारायण के साथ खेती-किसानी में हाथ बंटाता था। परिवार का सबसे छोटा बेटा था। उसकी अभी शादी भी नहीं हुई थी। वहीं शकील भी अपने परिवार का सहारा था। हादसे की खबर जैसे ही दोनों गांवों में पहुंची। परिवारों में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। ग्रामीणों ने बताया कि दोनों युवक मिलनसार और मेहनती स्वभाव के थे। इस दुखद हादसे से पूरे इलाके में शोक का माहौल है। थाना प्रभारी संतोष तिवारी ने बताया कि सड़क दुर्घटना में दो युवकों की मौत हुई है। मामले की जांच की जा रही है।
Published on:
08 Mar 2026 08:20 pm
बड़ी खबरें
View Allबलरामपुर
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
