सूत्रों का कहना है कि इस बार भाजपा की नजरें हैदराबाद-कर्नाटक व मुंबई-कर्नाटक के कुछ विधायकों पर टिकी हैं। पार्टी के एक प्रभावी नेता ने उनको पार्टी व सरकार में उचित पद देने और उपचुनाव में खड़े होने पर पूरा चुनाव खर्च उठा कर जिताने का भी आश्वासन दिया है। बताया जाता है कि भाजपा नेताओं ने बसवनबागेवाड़ी से चुने गए शिवानंद पाटिल, जमखंडी के सिद्धू न्याम गौड़ा, कुष्टगी के अमरेगौड़ा बैयापुर, सिंधनूर के वेंकटराव नाडगौड़ा, मस्की के प्रताप गौड़ा, हुमनाबाद के राजशेखर पाटिल के अलावा शरणबसप्पा दर्शनापुर, विजयनगर के आनंद सिंह, बल्लारी से जीते नागेन्द्र, कंपली से जीते जे.एन. गणेश सहित 10 विधायकों को लुभाने की पहल की है।