
कोरमंगला को न बनने दें जिस्म फरोशी का अड्डा
बेंगलूरु. पूर्व गृह मंत्री और बीटीएम लेआउट विधायक रामलिंगा रेड्डी ने राज्य के नए पुलिस प्रमुख प्रवीण सूद को पत्र लिखकर कोरमंगला में पैर पसारते जिस्म फरोशी पर रोक लगाने की मांग की है।
डीजी-आइजीपी को लिखे पत्र में रेड्डी ने कहा कि बीटीएम लेआउट विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले कोरमंगला से हाल के दिनों में उनके पास जिस्म फरोशी से संबंधित कई शिकायतें आई हैं। यहां तक कि कोरमंगला कॉल गर्ल के नाम से एक वेबसाइट भी काम कर रहा है। उन्होंने पुलिस से इस पर शीघ्र रोक लगाने और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की। उन्होंने कहा कि नौ ब्लॉक में फैला कोरमंगला एक बड़ा आवासीय और वाणिज्यिक इलाका है जहां आइटी बीटी कंपनियों के साथ ही बड़ी संख्या में शिक्षण संस्थान और शॉपिंग मॉल हैं। कोरमंगला के नाम पर देह व्यापार का धंधा चलाने से इस क्षेत्र का नाम खराब होता है।
उन्होंने पत्रकारों को बताया कि मैंने डीजीपी का पत्र लिखा है और इस संबंध में पूरा विवरण साझा किया है। यहां तक मसाज पार्लर और स्पा के नाम पर भी जिस्म फरोशी कराई जाती है। इसमें बड़ी संख्या में अन्य राज्यों की युवतियों और महिलाओं को शामिल किया गया है। उन्होंने कहा कि पिछले सप्ताह ही सीसीबी पुलिस ने इजीपुरा में छापा मारकर छह महिलाओं को मुक्त कराया था जबकि कोरमंगला पुलिस नियमित अंतराल पर कार्रवाई कर रही है।
ठगी का शिकार बनते हैं ग्राहक
कॉलगर्ल नाम से चल रही वेबसाइट पर अपना मोबाइल नंबर साझा करने वालों को थोक के भाव में एसएमएस आते हैं। कई मामलों में नंबर साझा करने वालों को हनी ट्रैप का शिकार बनाया जाता है। ठगी का शिकार लोग छवि खराब होने के डर से पुलिस में भी शिकायत नहीं करते। उन्होंने विश्वास जताया कि नए डीजी-आइजीपी इसे गंभीरता से लेंगे और कोरमंगला की छवि खराब करने वालों पर कार्रवाई करेंगे।
Updated on:
3 Feb 2020, 9:41 PM IST
Published on:
3 Feb 2020, 9:41 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.