18 फ़रवरी 2026,

बुधवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

बेलगावी में झगड़े के बाद गोवा के पूर्व विधायक की मौत, ऑटो चालक गिरफ्तार

बेलगावी में शनिवार को एक ऑटो चालक से झगड़े के तुरंत बाद गोवा के पूर्व विधायक और कांग्रेस नेता लावू मामलेदार (68) की मौत हो गई। पूर्व विधायक की मौत के पीछे का कारण अभी पता नहीं चल पाया है, लेकिन पुलिस ने कहा है कि चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है।

2 min read
Google source verification
belgavi-road-rage

बेंगलूरु. बेलगावी में शनिवार को एक ऑटो चालक से झगड़े के तुरंत बाद गोवा के पूर्व विधायक और कांग्रेस नेता लावू मामलेदार (68) की मौत हो गई। पूर्व विधायक की मौत के पीछे का कारण अभी पता नहीं चल पाया है, लेकिन पुलिस ने कहा है कि चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है।

पुलिस के मुताबिक पूर्व विधायक काम के सिलसिले में बेलगावी शहर आए थे और खड़े बाजार स्थित एक लॉज में ठहरे हुए थे। सूत्रों ने बताया कि मामलेदार और ऑटो चालक के बीच झगड़ा तब हुआ, जब दोपहर करीब 1:40 बजे लॉज के पास मामलेदार की गाड़ी ऑटो से टकरा गई। सीसीटीवी पर कैद घटना के दृश्यों में मामलेदार और ऑटो चालक के बीच तीखी बहस होती दिख रही है। बहस तब हिंसक हो गई, जब मामलेदार ने ऑटो चालक को थप्पड़ मारा। ऑटो चालक ने भी पलटकर मामलेदार को थप्पड़ मार दिया।

आसपास के लोगों ने बीच-बचाव कर दोनों को दूर हटाने की कोशिश की, लेकिन ऑटो चालक ने फिर से मामलेदार को थप्पड़ मार दिया। इसके बाद ऑटो चालक ने पूर्व विधायक पर हमला कर दिया। जैसे ही अन्य लोग स्थिति को शांत करने आगे आए, मामलेदार लॉज के अंदर चले गए। लॉज के अंदर लगे सीसीटीवी फुटेज में मामलेदार सीढिय़ों से ऊपर जाते हुए दिखते हैं, लेकिन उसी दौरान वे अचानक गिर गए। उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

मामलेदार ने 2012 से 2017 तक गोवा में महाराष्ट्रवादी गोमांतक पार्टी (एमजीपी) के विधायक के तौर पर पोंडा निर्वाचन क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया। मामलेदार साल 2012 में राजनीति में आने से पहले गोवा पुलिस में कार्यरत थे और उप पुलिस अधीक्षक के पद पर तैनात थे। वह 2022 में कांग्रेस में शामिल हो गए थे और उस साल मडकाई निर्वाचन क्षेत्र से गोवा चुनाव लड़े थे, लेकिन उन्हें हार का सामना करना पड़ा था।