
बेंगलूरु. कर्नाटक (Karnataka) में अगले साल होने वाले विधान सभा चुनाव के मद्देनजर पार्टी की जड़ें जमाने के इरादे से गुरुवार को दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल (Arvind Kejriwal) ने कर्नाटक में आम आदमी पार्टी (Aam Aadmi Party) के अभियान की शुरुआत की। बेंगलूरु में आयोजित किसान रैली में केन्द्र व राज्य में सत्तारूढ़ भाजपा पर जमकर निशाना साधते हुए उन्होंने दावा किया कि दिल्ली और पंजाब में सत्ता में आने के बाद उनकी पार्टी दक्षिणी राज्य कर्नाटक में अपनी तीसरी सरकार बनाएगी।
नेशनल कॉलेज मैदान में आयोजित रैली में केजरीवाल ने कहा कि आज पूरे देश में दंगे हो रहे हैं। दंगे कौन करा रहा है, यह सभी लोग जानते हैं। यदि आपको दंगा चाहिए तो उनको वोट दे देना।
कर्नाटक राज्य ठेकेदार संघ द्वारा भाजपा सरकार पर लगाए गए भ्रष्टाचार के आरोपों का जिक्र करते हुए उन्होंने राज्य सरकार पर तंज कसते हुए कहा कि हमें इन सरकारों के 20प्रतिशत और 40प्रतिशत कमीशन खातों को बंद करना होगा। उन्होंने ऐसी सरकार को गिराने के लिए किसान संगठनों का समर्थन मांगा। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार मुक्त सरकार लोगों को मुफ्त में कई सेवाएं दे सकती है।
दिल्ली सरकार की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में आर्थिक कठिनाइयों के बावजूद दिल्ली में शिक्षा, स्वास्थ्य सेवा, बिजली, पानी और महिलाओं के लिए परिवहन जैसी सुविधाएं दी जा रही हैं। हम ईमानदार हैं, इसलिए हम ऐसा कर पाए। हम पैसे बचाते हैं।
उन्होंने कहा कि सीबीआई को मेरे आवास पर भेजा। अधिकारी मेरे बेडरूम में घुसे थे, लेकिन उन्हें कुछ नहीं मिला। आखिरकार पीएम ने मुझे ईमानदार सीएम का प्रमाण पत्र दिया। हमारी ईमानदार सरकार है। अब हम कर्नाटक में सरकार बनाएंगे। उन्होंने कहा कि यदि राज्य के किसान चाह लें तो कमीशन लेने वाली कांग्रेस व भाजपा को सत्ता से दूर किया जा सकता है।
इस मौके पर किसान संघ के नेता कोडिहल्ली चंद्रशेखर आप में शामिल हुए।
Published on:
21 Apr 2022 08:12 pm
बड़ी खबरें
View Allबैंगलोर
कर्नाटक
ट्रेंडिंग
