
कोदंड राम और लव-कुश की मूर्तियां भेजी गईं अयोध्या
बेंगलूरु.
राष्ट्रपति पुरस्कार प्राप्त शिल्पकार राममूर्ति की बनाई गई कोदंड राम की तथा लव-कुश की मूर्तियां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को उपहार स्वरूप भेंट की जाएंगी जब वे अयोध्या में राममंदिर निर्माण की आधारशीला रखेंगे।
इसके लिए दक्षिण भारत के मशहूर शिल्पकार राममूर्ति द्वारा बनाई गई ये मूर्तियां बेंगलूरु से अयोध्या रवाना कर दी गई हैं। इनमें कोदंड राम की दो मूर्तियां तथा लव-कुश की एक-एक मूर्तियां हैं। राम मंदिर का शिलान्यास होने के बाद उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ लगभग 1.5 फीट ऊंची इन मूर्तियों को पीएम मोदी को भेंट करेंगे। इसके अलावा राममूर्ति द्वारा बनाई गई 3 फीट ऊंची एक और मूर्ति मंदिर परिसर में स्थापित करने की योजना हैै। ये मूर्तियां सागौन की लकड़ी से बनी हैं और 3 अगस्त को अयोध्या पहुंच जाएंगी। शिल्पकार राममूर्ति नेे बताया कि वे पिछले दो महीने से इसे तैयार कर रेह हैं लेकिन दस दिन पहले ही भेजने के लिए कहा गया।
बेंगलूरु के केंगेरी स्थित अपने कारखाने में राममूर्ति ने पूरी लगन और मन से इन मूर्तियों को बनाया है। भगवान कोदंड राम की मूर्ति बनाने के लिए ही राममूर्ति को राष्ट्रपति से पुरस्कार मिला है। उस मूर्ति से उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ काफी प्रभावित हुए और भगवान कोदंड राम की आदमकद मूर्ति को अयोध्या के शोध संस्थान में स्थापित करवाया। शिल्पकार राम मूर्ति की कलाकारी योगी आदित्यनाथ को बहुत पसंद आई और उन्होंने भगवान कोदंड राम की आदमकद मूर्ति की प्रतिकृति प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भेंट में देने का फैसला किया।
चोल वंश तथा दक्षिण की अन्य उत्कृष्ट कलाओं में निखरकर ये मूर्तियां जीवंत हो उठी हैं। कोदंड राम की मूर्ति में भगवान राम का एक पैर थोड़ा तिरछा रखा गया है क्योंकि भगवान राम के हाथ में कोदंड यानी धनुष है। मूर्ति का ऊपरी हिस्सा वीरता से भरा हुआ दिखाया गया है जबकि मूर्ति का पेट से निचला हिस्सा भगवान राम के सौम्य रूप को दर्शाता है। दक्षिण भारत की हस्तशिल्प कला को दर्शाते हुए मूर्ति में आभूषणों और वस्त्र को बड़ी सफाई से उकेरा गया है। ये तमाम चीजें भगवान कोदंड राम की मूर्ति को बहुत ही आकर्षक और अद्भूत बना देती है।
राममूर्ति अयोध्या के इस ऐतिहासिक मंदिर निर्माण में अपने योगदान को लेकर अत्यंत प्रसन्न है। उन्होंने कहा कि मुझे बहुत खुशी है और उन्होंनेे इसे हृदय की गहराइयों से बनाया है। पीएम मोदी को यह मूर्ति दी जाएगी यह जानकर उन्हें और अधिक प्रसन्नता हुई। उन्हें यह कला विरासत में मिली है।
Published on:
01 Aug 2020 08:24 pm
बड़ी खबरें
View Allबैंगलोर
कर्नाटक
ट्रेंडिंग
