20 जनवरी 2026,

मंगलवार

Patrika LogoSwitch to English
icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Karnataka Election 2023 : किसने कहा डूबते जहाज पर सवार हो गए हैं चंद भाजपा नेता

कांग्रेस ने लिंगायतों को बांटने की कोशिश की और एस. निजलिंगप्पा के बाद पिछले कई दशकों से इस समुदाय के नेताओं को मुख्यमंत्री नहीं बनाया। वीरेंद्र पाटिल के साथ भी बुरा बर्ताव किया। हमने आंतरिक आरक्षण लाने के अलावा एससी और एसटी के लिए आरक्षण बढ़ाया है, जो कांग्रेस अपने कार्यकाल के दौरान नहीं कर सकी।

2 min read
Google source verification
cm in bhalki

बेंगलूरु. जगदीश शेट्टर और लक्ष्मण सावदी के कांग्रेस में शामिल होने का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई ने कहा कि भाजपा के कुछ नेता डूबते जहाज पर सवार हो गए हैं। गुरुवार को बीदर जिले के भालकी में भाजपा की चुनाव रैली को संबोधित करते हुए उन्होंने दावा किया कि इससे विधानसभा चुनाव में पार्टी को कोई नुकसान नहीं होगा।

उन्होंने कांग्रेस नेताओं को अनुसूचित जाति समुदायों के बीच आंतरिक आरक्षण की सिफारिश करने संबंधी सरकार के फैसले पर अपना रुख स्पष्ट करने की चुनौती दी। सीएम ने कहा कि विपक्षी दल 12वीं सदी के संत बसवण्णा द्वारा प्रतिपादित सामाजिक न्याय के पक्ष में नहीं है। उन्होंने इसे अनुसूचित जाति समुदायों की तीन दशक पुरानी मांग बताते हुए आरोप लगाया कि कांग्रेस नेता सरकार के कदम पर अदालत में रोक लगाने की कोशिश कर समाज सुधारक के सिद्धांतों के खिलाफ काम कर रहे हैं।

बोम्मई ने कहा कि भाजपा ने लिंगायतों सहित सभी समुदायों के साथ न्याय किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने लिंगायतों को बांटने की कोशिश की और एस. निजलिंगप्पा के बाद पिछले कई दशकों से इस समुदाय के नेताओं को मुख्यमंत्री नहीं बनाया। वीरेंद्र पाटिल के साथ भी बुरा बर्ताव किया। उन्होंने कहा कि हमने आंतरिक आरक्षण लाने के अलावा एससी और एसटी के लिए आरक्षण बढ़ाया है, जो कांग्रेस अपने कार्यकाल के दौरान नहीं कर सकी। हमारी सरकार बसवण्णा के मूल सिद्धांतों पर काम कर रही है। किसानों सहित सभी मजदूर वर्ग के लोग भाजपा के साथ हैं।

बोम्मई ने कहा, भाजपा के कुछ नेता उस पार्टी (भाजपा) में शामिल हो गए, जो डूबने की कगार पर है। कई राज्यों के बाद अब डूबने की अगली बारी कर्नाटक में है।

उन्होंने कांग्रेस पार्टी द्वारा जारी गारंटी कार्ड को महज चुनावी हथकंडा करार देते हुए कहा कि विपक्षी नेता झूठे वादों से मतदाताओं को धोखा दे रहे हैं। उन्होंने कहा, विधानसभा चुनाव अच्छे और बुरे लोगों के बीच की लड़ाई है। आप कुछ लोगों को हर समय धोखा दे सकते हैं। लेकिन, आप सभी लोगों को हर समय धोखा नहीं दे सकते।