
बेंगलूरु. मुख्यमंत्री सिद्धरामय्या ने अपनी सरकार पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आरोपों को लेकर पलटवार करते हुए सोमवार को कहा कि मोदी नैतिक रूप से देश के प्रधानमंत्री के पद पर रहने के योग्य नहीं हैं।
रविवार को यहां के पैलेस मैदान की परिवर्तन रैली में मोदी के लगाए आरोपों पर झुंझलाहट के साथ पलटवार करते हुए सिद्धरामय्या ने बिंदुवार अपनी सरकार की उपलब्धियों गिनाईं और मोदी के भ्रष्ट व कुशासन के आरोपों को खारिज कर दिया। सिद्धरामय्या ने कहा कि कर्नाटक विभिन्न क्षेत्रों में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाला राज्य है।
संवाददाता सम्मेलन में सिद्धरामय्या ने कहा कि मेरी सरकार के खिलाफ मोदी का भाषण झूठ से भरा हुआ था। सिद्धरामय्या ने कहा कि मोदी ने आधारहीन और गैर जिम्मेदारना आरोप लगाए। सिद्धरामय्या ने कहा कि अगर मोदी के बगल में पूर्व मुख्यमंत्री बी एस येड्डियूरप्पा बैठे हों तो उन्हें मेरी सरकार पर उंगली उठाने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है। मोदी को येड्डियूरप्पा से पूछना चाहिए कि जब राज्य में भाजपा की सरकार थी तब क्या हुआ था। सिद्धरामय्या ने कहा कि प्रधानमंत्री के पद पर बैठे व्यक्ति के लिए येड्डियूरप्पा के स्तर पर जाकर टिप्पणी करना अशोभनीय है।
गोधरा को लेकर भी साधा निशाना
राज्य में कानून-व्यवस्था की लचर स्थिति और हत्या की वारदातों को लेकर मोदी पर टिप्पणी पर पलटवार करते हुए सिद्धरामय्या ने २००२ के गोधरा प्रकरण का भी जिक्र किया। सिद्धरामय्या ने मोदी से पूछा कि गोधरा में कितने लोग मरे थे। सिद्धरामय्या ने कहा कि तब मोदी गुजरात के मुख्यमंत्री थे। २ हजार से ज्यादा लोगों को जिंदा जला दिया गया था। अल्पसंख्यकों की सुरक्षा करने में सरकार विफल रही थी। सिद्धरामय्या ने कहा कि भाजपा और एनडीए शासित राज्य अपराधों के मामले में अव्वल हैं।
भ्रष्टाचार पर बोलने का हक नहीं
सहयोगी मंत्रियों से घिरे सिद्धरामय्या ने कहा कि मोदी को भ्रष्टाचार पर बोलने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है। सिद्धरामय्या ने कहा कि भ्रष्टाचार मुक्त शासन का दावा करने वाले मोदी परोक्ष तौर पर भ्रष्टाचार का समर्थन और सहयोग कर रहे हैं। मोदी सरकार ने अब तक लोकपाल की नियुक्ति नहीं की है। मोदी जब गुजरात के मुख्यमंत्री थे तब भी ९ साल तक लोकायुक्त की नियुक्ति नहीं हुईथी। शायद उन्हें डर था कि भ्रष्टाचार के मामले उजागर हो जाएंगे। सिद्धरामय्या ने कहा कि ऐसे में मोदी को अपने साथ में भ्रष्टाचार के आरोप में जेल जा चुके नेता को बैठा कर दूसरों पर मोदी को कीचड़ नहीं उछालना चाहिए। सिद्धरामय्या ने कहा कि मोदी को नैतिक तौर पर प्रधानमंत्री के पद पर रहने का अधिकार नहीं है।
Updated on:
05 Feb 2018 08:57 pm
Published on:
05 Feb 2018 07:06 pm
बड़ी खबरें
View Allबैंगलोर
कर्नाटक
ट्रेंडिंग
