
कार हादसे में मेरा पुत्र लिप्त नहीं: अशोक
बेंगलूरु. राजस्व मंत्री आर. अशोक ने कहा कि तीन दिन पहले बल्लारी जिले के होसपेट के पास हुए सडक़ हादसे के मामले में उनका पुत्र लिप्त नहीं है।
उन्होंने गुरुवार को संवाददाताओं को बताया कि होसपेट तहसील के मरियप्पनहल्ली के पास सोमवार दोपहर एक कार ने सडक़ किनारे एक मोबाइल होटल को टक्कर मारी थी जिससे वहां चाय पी रहे रवि नायक (१९) नामक एक युवक की मौत होगई। कार में सवार एक युवक सचिन (२६) की भी मौत हो गई थी।
उन्होंने कहा कि इस सिलसिले में पुलिस ने मामला दर्ज कर कार जब्त जब्त की। जख्मी चार युवकों राहुल, शिवकुमार, राकेश और वरुण को सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया। राहुल की स्थिति चिंताजनक होने पर उसे बेंगलूरु की निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उन्होंने कहा कि मीडिया में यह अफवाह उड़ाई जा रही है कि उनका पुत्र शरत कार चला रहा था। पुलिस पर दबाव डाल कर इस मामले में शरत को बचाने का आरोप लगाया गया है।
उन्होंने दावा कि जिस दिन यह हादसा हुआ था उस दिन उनका बेटा शरत बेंंगलूरु में ही था। उन्होंने इस मामले की जांच चल रही है। शीघ्र ही सच्चाई सामने आने वाली है। हादसे के लिए कोई भी जिम्मेदार हो, उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई होगी। उन्होंने कहा कि एक षढयंत्र के तहत उन्हें बदनाम करने का प्रयास जारी है।
कार में शरत के नहीं होने का दावा
इस बीच, बल्लारी जिले के पुलिस अधीक्षक केसी बावा ने पत्रकारों को बताया कि कार में शरत सवार नहीं था। रवि नायक के मामा ने पुलिस थाने मेंं शिकायत दर्ज कराई थी कि राहुल ही कार चला रहा था। रविवार को उसका जन्म दिन था। जन्मदिन के बाद वह चार मित्रों को साथ लेकर हम्पी के पर्यटक क्षेत्रों का दौरा कर कार में बेंगलूरु लौट रहा था और उसी समय यह हादसा हुआ था।
पुलिस ने राहुल के खिलाफ मामला दर्ज किया है। इस ममले में शरत का नाम नहीं है। यह कार उत्तरहल्ली के नेशनल पब्लिक स्कूल के नाम पंजीकृत है। पुलिस पर किसी भी प्रकार का कोई दबाव नहीं पड़ रहा है।
Published on:
13 Feb 2020, 9:19 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.