
बेंगलूरु. सोशल मीडिया और ऐप के जरिए डाटा लीक को लेकर उपजे विवाद के बीच अब भाजपा ने कांग्रेस पर पलटवार किया है। नमो ऐप पर भाजपा ने कांग्रेस को सिद्धरामय्या ऐप से घेरा है। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने सोमवार दोपहर में ट्वीट कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अपने नाम पर बने ऐप का सरकारी मशीनरी के जरिए प्रचार करने और उसके जरिए लोगों से जुड़ी जानकारी जुटाने के लिए आलोचना की थी। राहुल ने कहा था कि अगर मोदी लोगो से संवाद ही करना चाहते हैं तो उन्हें नमो एप के बजाय पीएमओ का उपयोग करना चाहिए। राहुल ने कहा था कि ऐसे एप के आंकड़े देश से जुड़े हैं, मोदी से नहीं। राहुल के इस ट्वीट के करीब डेढ़ घंटे बाद प्रदेश भाजपा ने कांग्रेस को आइना दिखाते हुए कहा कि राज्य में सिद्धरामय्या भी अपने नाम पर एप चला रहे हैं। प्रदेश भाजपा के हैंडल से राहुल को संबोधित ट्वीट में तंज करते हुए कहा गया कि आप इन तकनीकी बारीकियों को नहीं समझ रहे।
इसमें कहा गया है कि मोदी के एप का खर्च भाजपा वहन करती है इसीलिए उसका नाम नमो एप रखा गया है जबकि सिद्धरामय्या अपने नाम का एप चलाने के लिए सरकारी धन का उपयोग कर रहे हैं। भाजपा ने सिद्धरामय्या पर सरकारी पद के दुरुपयोग का भी आरोप लगाया।
गौरतलब है कि पिछले साल नवम्बर में सिद्धरामय्या ने जनता से सीधे संवाद करने के लिए सिद्धरामय्या ऐप लांच किया था। इस ऐप की जिम्मेदारी राज्य सरकार के सेंटर फॉर ई-गवर्नेंस के पास है। एक लाख से अधिक लोगों ने इस ऐप को डाउनलोड किया है। गौरतलब है कि विवाद होने के बाद कांग्रेस ने अपने ऐप को गूगल प्ले स्टोर से हटा दिया है जबकि नमो ऐप में भी बदलाव किया गया है। भाजपा ने कांग्रेस पर ऐप के डाटा सिंगापुर के सर्वर पर भेजने का आरोप लगाया था। हालांकि, कांग्रेस का कहना है उसका ऐप पुराना हो चुका था और सक्रिय नहीं था।
Published on:
27 Mar 2018 01:01 am
बड़ी खबरें
View Allबैंगलोर
कर्नाटक
ट्रेंडिंग
