
अगले सप्ताह से भारी वाहनों के लिए खुलेगा शिराडी घाट
बेंगलूरु. मानसून के दौरान बड़े स्तर पर भूस्खलन होने के बाद 14 अगस्त ेसे वाहनों की आवाजाही के लिए बंद शिराडी घाट खंड अगले सप्ताह से एक बार फिर ट्रक, लॉरी और टैंकर जैसे भारी वाहनों के आवागमन के लिए खुल जाएगा।
दक्षिण कन्नड़ जिला उपायुक्त शशिकांत सेंथिल एस ने बुधवार को कहा कि हासन जिला प्रशासन की ओर से शिराडी घाट में भारी वाहन परिचालन की अनुमति मिलने का इंतजार है जबकि दक्षिण कन्नड़ जिला प्रशासन ने अपने अपने तरह भारी वाहनों के परिचालन की अनुमति दे दी है।
मौजूदा समय में इस खंड पर भारी वाहनों का परिचालन बंद रहने के कारण वाहनों को मारनहल्ली के पास से दो भिन्न मार्गों से चलाया जाता है।
माना जा रहा है कि हासन जिला प्रशासन अपनी ओर से दिवाली के ठीक बाद वाहन परिचालन की अनुमति प्रदान कर देगा।
शशिकांत ने कहा कि दीपावली के कारण इस समय शिराडी घाट खंड में अन्य प्रकार के वाहनों को भारी यातायात दबाव है, इसलिए 18 चक्कों वाले ट्रकों के परिचालन की अनुमति दिवाली बाद देने की तैयारी है।
गौरतलब है कि अगस्त महीने में दक्षिण कन्नड़, हासन सहित अन्य सीमावर्ती जिलों में भारी बारिश हुई थी। इस दौरान कई जगहों पर भूस्खलन की घटनाएं हुई थी।
विशेष तौर पर शिराडी घाट का बड़ा भूभाग भूस्खलन से प्रभावित हुआ था और कई दिनों तक बंद रहने के बाद अब तक सिर्फ छोटे वाहनों और बसों का परिचालन हो रहा है।
14 अगस्त के बाद से सभी प्रकार के मालवाहक भारी वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से चलाया जा रहा है। वहीं कार, जीप और दोपहिया जैसे वाहनों को 5 सितम्बर से जबकि मल्टी एक्सल बसों को 3 अक्टूबर से चलने चलाया जा रहा है।
शिराडी घाट बेंगलूरु और मेंगलूरु को जोडऩे वाला प्रमुख मार्ग है लेकिन भूस्खलन के बाद से इसके बंद रहने से वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से काफी लम्बी दूरी तय करके जाना पड़ रहा था।
Updated on:
8 Nov 2018, 6:54 PM IST
Published on:
8 Nov 2018, 6:54 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.