
किसानों के कर्ज माफ करने पर यू-टर्न नहीं: कुमारस्वामी
बेंगलूरु. किसानों की ऋण माफी पर मैने यू टर्न नहीं लिया है। प्रदेश जद (ध) के अध्यक्ष और भावी मुख्यमंत्री एच.डी.कुमारस्वामी ने ऋण माफी के मुद्दे को स्पष्ट करते हुए कहा कि इस मामले को लेकर सरकार का समर्थन करने वाली कांग्रेस पार्टी के साथ विचार-विमर्श की आवश्यकता है।
यहां मंगलवार को उन्होंने कहा कि जद (ध) ने चुनावी घोषणा पत्र में कई वादे किए है लेकिन पार्टी को स्पष्ट बहुमत नहीं होने की स्थिति में इन वादों को लागू करने के लिए सरकार का समर्थन दे रही कांग्रेस के साथ विचार-विमर्श करना अनिवार्य है। वे आज भी इस वादे पर कायम है कि किसानों को ऋणमुक्त किया जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि जनता दल ध ने केवल सत्ता पाने के लिए जद (ध) ने कांग्रेस के साथ गठबंधन नहीं किया है। उन्होंने कहा कि वे 24 मई को मीडिया से बात करेंगे। 25 मई को विधानसभाध्यक्ष तथा उपाध्यक्ष के चुनाव होने के पश्चात वे सदन में विश्वास प्रस्ताव पेश करेंगे।
कुमारस्वामी ने मीडिया का बताया कि मुख्यमंत्री के कार्यकाल के दौरान उन्होंने सरकारी आवास का उपयोग नहीं करने का फैसला किया है। वे सरकारी खजाने पर बोझ नहीं डालेंगे और अपने जेपी नगर में स्थित निजी निवास में रहकर ही मुख्यमंत्री का दायित्व निभाएंगे।
स्थिर और जनकल्याणकारी सरकार देने का वादा
एच.डी. कुमारस्वामी ने ने मंगलवार को दक्षिण कन्नड़ जिले के धर्मस्थल स्थित मंजुनाथेेश्वरा मंदिर में विशेष पूजा व प्रार्थना की। उन्होंने मीडिया से बातचीत में कहा कि गठबंधन का मुख्य मकसद पांच साल तक राज्य को एक स्थिर सरकार देना है और प्रदेश के किसानों व जनता के हितों की रक्षा की जाएगी। यह पांच साल के लिए स्थिर सरकार होगी और आम जनता पर अतिरिक्त बोझ डाले बिना जन कल्याणकारी कार्यक्रम लागू करेगी। प्रस्तावित सरकार को एक अपवित्र गठजोड़ कहने की आलोचना करते हुए उन्होंने कहा कि राजनीति में पवित्र या अपवित्र जैसी चीजें नहीं होती हैं। यदि विधायकों की आवश्यक संख्या बनी रही तो सरकार बची रहेगी।
येत्तिनहोले परियोजना के खिलाफ नहीं
उन्होंने कहा कि वे येत्तिनहोले नदी का बहाव मोडऩे की परियोजना के विरुद्ध नहीं है और इस परियोजना को यथा शीघ्र पूर्ण करवाने के लिए कदम उठाएंगे। राज्य के तटीय जिलों में दंगों की घटनाओं का जिक्र करते हुए कुमारस्वामी ने कहा कि छोटी- छोटी घटनाएं दंगों में तब्दील हो जाती हैं, जो समाज के लिए अच्छी नहीं हैं।
धर्मस्थल में जाकर किए दर्शन
इससे पहले कुमारस्वामी पत्नी अनिता कुमारस्वामी के साथ हेलीकॉप्टर से जब धर्मस्थल पहुंचे तो धर्माधिकारी वीरेन्द्र हेगड़े ने उनका स्वागत किया। दंपती ने भगवान मंजुनाथ स्वामी के दर्शन किए और विशेष पूजा में भाग लिया।
शृंगेरी के शरदंबा मंदिर में की पूजा
कुमारस्वामी हेलीकॉप्टर से ही चिक्कमगलूरु जिले के शृंगेरी पहुंचे जहां उन्होंने अपने पिता देवेगौड़ा व परिवार के अन्य सदस्यों के साथ शृंगेरी शारदंबा मंदिर में पूजा की और सरकार के भविष्य को सुरक्षित रखने के लिए नव चंडी होम व आयता चंडी होम में भाग लिया।
Published on:
23 May 2018, 3:52 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.