
प्रसव पीड़ा से तड़पती नौ माह की गर्भवती को वाणी विलास अस्पताल ने लौटाया
- पश्चिम बंगाल का है परिवार
बेंगलूरु. प्रसव पीड़ा से तड़पती नौ माह की गर्भवती महिला को कई घंटे एक से दूसरे अस्पताल भटकना पड़ा। वाणी विलास सरकारी अस्पताल ने उसे भर्ती करने से मना कर दिया। अंत में जयनगर जनरल अस्पताल ने भर्ती किया। भर्ती होने के चंद घंटों में ही किलकारी गूंज उठी। चिकित्सकों के अनुसार जच्चा-बच्चा स्वस्थ हैं। परिवार पश्चिम बंगाल का निवासी है।
पिता सुबन ने बताया कि वह आनेकल के एक होटल में काम कर परिवार का पालन-पोषण करता है। गर्भावस्था के दौरान पत्नी आनेकल के सरकारी अस्पताल के चिकित्सकों की देखरेख में थी। शुक्रवार सुबह प्रसव पीड़ा होने पर वह पत्नी को लेकर अस्पताल पहुंचा। जांच के बाद चिकित्सकों ने वाणी विलास रैफर कर दिया। सुबह करीब नौ बजे परिवार वाणी विलास पहुंचा लेकिन चिकित्सकों ने कोविड महामारी और बिस्तरों की कमी का हवाला देते हुए भर्ती करने से साफ मना कर दिया।
एम्बुलेंस तक देने से किया मना
एक नर्स ने जयनगर जनरल अस्पताल का पता दिया। लेकिन वाणी विलास अस्पताल प्रबंधन ने एम्बुलेंस तक देने से मना कर दिया। वह लाख मिन्नतें करते रहा लेकिन किसी का दिल नहीं पसीजा। उल्टा 108 एम्बुलेंस से संपर्क करने के लिए कहा गया लेकिन कई प्रयासों के बावजूद संपर्क नहीं हो सका। इस बीच पत्नी की हालत बिगड़ रही थी। अंतत: वह किसी तरह निजी कैब से पत्नी को लेकर जयनगर जनरल अस्पताल पहुंचा। यहां भी उसे काफी मशक्कत करनी पड़ी लेकिन मामले की गंभीरता को देखते हुए चिकित्सकों ने महिला को भर्ती कर प्रसव कराया।
Published on:
18 Jul 2020 11:20 pm
बड़ी खबरें
View Allबैंगलोर
कर्नाटक
ट्रेंडिंग
