श्रीहरिकोटा. देश का तीसरा चंद्र मिशन चंद्रयान-3 शुक्रवार दोपहर एक लंबी और ऐतिहासिक यात्रा पर रवाना हुआ। श्रीहरिकोटा स्थित सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र के दूसरे लॉन्च पैड से चंद्रयान-3 मिशन ने नियत समय 2 बजकर 35 मिनट पर उड़ान भरी। अत्याधुनिक प्रक्षेपण यान एलवीएम-3 (एम-4) ने अनुमानित प्रक्षेप पथ का सटीक अनुसरण करते हुए लगभग 16 मिनट 09 सेकंड बाद चंद्रयान-3 पृथ्वी की 170 किमी गुणा 36 हजार 500 किमी वाली अंडाकार कक्षा में सफलतापूर्वक स्थापित कर दिया। यान के कक्षा में स्थापित होते ही उसके सोलर पैनल तैनात हो गए और इसरो के बेंगलूरु स्थित नियंत्रण कक्ष इसट्रैक से संपर्क स्थापित हो गया।