
बेंगलूरु. राज्यपाल वजुभाई वाळा ने कहा है कि महिलाएं बच्चों का परवशि करने से लेकर उन्हें संस्कारित करने का काम करती हैं। उन्हें अबला कहना सभ्य समाज का अपमान है। आज महिलाएं किसी भी क्षेत्र में पुरुषों से पीछे नहीं हैं।
वे बुधवार को तेरापंथ महिला मंडल की ओर से आयोजित स्वर्ण जयंती समारोह में बतौर मुख्य अतिथि बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि प्राचीन काल से लेकर आज तक महिलाओं ने अपने बलबूते शौर्य और वीरता की गाथाएं लिखी हैं। इसलिए महिलाओं को कम करके आंकने की भूल नहीं करना चाहिए। संगठन स्थापना के 51 वर्ष पूरे होने पर निकाली गई पत्रिका 'स्वर्णोहम' का विमोचन भी राज्यपाल ने किया। समारोह में साध्वी कंचनप्रभा व मधु स्मिता का सानिध्य प्राप्त हुआ। स्वागत भाषण अध्यक्ष अनीता गांधी ने दिया। इस अवसर पर संगठन के पूर्व अध्यक्षों का सम्मान किया गया। मौके पर कन्हैयालाल गिरिया, हीरालाल मालू, प्रकाश लोढ़ा, शांतिलाल पितलिया, रामलाल गन्ना, सरला श्रीमाल, वीणा बैद, लता जैन आदि मौजूद रहे। धन्यवाद सीमा श्रीमाल ने दिया।
सशक्तिकरण: महिलाएं किसी से कम नहीं
बेंगलूरु. जेसीआई बेंगलूरु कॉस्मो की ओर से विजय नगर स्थित प्रमिला बाई स्कूल ऑडिटोरियम में महिला दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित महिला सशक्तिकरण सप्ताह का समापन समारोह हुआ। स्वागत महिला विंग की अध्यक्ष ममता जैन ने किया। महिला विंग की ओर से भ्रूण हत्या को बंद करने के विषय में एक विशेष नाटिका प्रस्तुत की गई। स्कूली छात्राओं को सुरक्षा के गुर सिखाए गए। मुख्य अतिथि स्थानीय पार्षद श्रीलता ने कहा कि वर्तमान युग में महिलाएं किसी से कम नहीं हैं। महिलाएं समाज को आगे बढ़ाती हैं एवं विकास की दिशा में अग्रसर करती हैं। जेसीआई अध्यक्ष दीपक जैन ने कहा कि हर व्यक्ति के जीवन में महिलाओं का विशेष स्थान होता है। कार्यक्रम में 30 नर्सों का सम्मान किया गया। प्रोजेक्ट कॉस्मिक टच के तहत स्कूल की लगभग 80 बालिकाओं को पुरस्कृत किया गया। संचालन में जेसीआई महिला विंग सचिव शशि गादिया, ममता मुणोत, प्रोजेक्ट निदेशक अभिलाषा डांगी, मंजू गादिया, मधु कटारिया, रक्षा मांडोत, रेशमा पुनमिया, सपना गन्ना, गौरव जैन, दिनेश मरोठी, अनिल भरसारिया, मनीष गन्ना आदि का योगदान रहा।
हर क्षेत्र में महिलाएं सक्षम : सीमा राव
बेंगलूरु. देश की पहली और एकमात्र महिला कमांडो प्रशिक्षक डॉ. सीमा राव ने अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अंतर्गत भारतीय वायु सेना मुख्यालय प्रश्क्षिण कमान में आयोजित कार्यक्रम में महिलाओं का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कई प्रेरणादायक उद्धरणों से महिलाओं को प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि वह भी एक महिला हैं जो राष्ट्र सेवा के लिए सराही गई हैं। बाद में शाम में आयोजित एक कार्यक्रम में उन्होंने वायुरक्षकों और उनके परिवारों के समक्ष हैरतअंगेज प्रस्तुतियां दीं। इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने उनकी जीवन यात्रा को वास्तव में प्रेरणादायक बताया जिसमें इच्छा शक्ति , आत्म-अनुशासन और दृढ़ संकल्प की मिसाल देखती है।
Published on:
15 Mar 2018 06:14 pm
बड़ी खबरें
View Allबैंगलोर
कर्नाटक
ट्रेंडिंग
