7 फ़रवरी 2026,

शनिवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

राजनाथ से एरो इंडिया-2021 को स्वीकृति देने का अनुरोध

मेट्रो स्टेशन के लिए रक्षा विभाग की जमीन के हस्तांतरण की मांग

2 min read
Google source verification
राजनाथ से एरो इंडिया-2021 को स्वीकृति देने का अनुरोध

राजनाथ से एरो इंडिया-2021 को स्वीकृति देने का अनुरोध

बेंगलूरु. मुख्यमंत्री बीएस येडियूरप्पा ने रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से एरो इंडिया- 2021 के 13 वें संस्करण को केन्द्र सरकार से तत्काल स्वीकृति प्रदान करने का अनुरोध किया है।

शुक्रवार की शाम दिल्ली प्रवास पर गए मुख्यमंत्री येडियूरप्पा ने रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से भेंट की और इस संबंध में एक ज्ञापन दिया। उन्होंने ज्ञापन में फरवरी 2021 में इस आयोजन के लिए तारीखें तय करने का अनुरोध किया ताकि इस आयोजन की पूर्व तैयारियां शुरू की जा सके।

उन्होंने कहा कि बेंगलूरु शहर एशिया के सबसे बड़े एयर शो Aero India का पर्याय बन गया है।दो साल में एक बार होने वाले यह आयोजन उद्योग क्षेत्र के दिग्गजों के साथ ही आम जनता को आकर्षित करता है। उन्होंने कहा कि वे एक बार फिर से इस आयोजन को केन्द्र सरकार की स्वीकृति दिलाने का का अनुरोध करते हैं।

रक्षा मंत्री को दिए गए एक अन्य ज्ञापन में मुख्यमंत्री ने राजनाथ सिंह से बेंगलूरु मेट्रो रेल परियोजना के लैंगफोर्ड टाउन स्टेशन के निर्माण के लिए लिए रक्षा विभाग की भूमि हस्तांतरित करने की प्रक्रिया में तेजी लाने का अनुरोध किया।

उन्होंने कहा कि इस स्टेशन के लिए रक्षा भूमि पर कार्य शुरू करने की स्वीकृति प्रदान करने की मांग 2018 से अधिकारियों के बोर्ड के समक्ष लंबित है। मुख्यमंत्री ने रक्षा मंत्री से कहा कि उन्हें मिली जानकारी के मुताबिक बोर्ड ने 20 जनवरी 2020 को अपनी सिफारिशों को अंतिम रूप देकर उच्चतर मुख्यालय को भेज दिया है।

उन्होंने कहा कि लैंगफोर्ड टाउन स्टेशन के निर्माण का ठेका 6 नवम्बर 2019 को दे दिया गया था और ठेकेदार ने निर्माण कार्य शुरू करने के तमाम संसाधन जुटा लिए हैं।

उन्होंने कहा कि लिहाजा इस स्टेशन के लिए रक्षा भूमि तत्काल हस्तांतरित किए जाने की आवश्यकता है। इसमें विलंब होने पर परियोजना के क्रियान्वयन में विलंब होगा और अतिरिक्त वित्तीय बोझ पड़ेगा। राजनाथ सिंह ने इस संबंध में आवश्यक कदम उटाने का मुख्यमंत्री को आश्वासन दिया।