10 अगस्त 2026,

सोमवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

बांसवाड़ा: बच्चे पर हमला करने दौड़ा कुत्ता, तो मां ढाल बनकर आई सामने, दोनों हाथों पर गहरे घाव, अस्पताल में भर्ती

Banswara Dog Attack: बांसवाड़ा में 5 साल के बेटे को कुत्ते के हमले से बचाने के लिए मां खुद उसके सामने आ गई। कुत्ते ने महिला के दोनों हाथों को बुरी तरह काट लिया। गंभीर चोटों के बाद उन्हें एमजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
2 min read
Google source verification
banswara dog attack

Ai Generated Image

Banswara Dog Attack: बांसवाड़ा के आंबापुरा थाना क्षेत्र में एक मां ने अपने 5 साल के बेटे को आवारा कुत्ते के हमले से बचाने के लिए खुद को उसके आगे कर दिया। कुत्ता बच्चे पर झपटने वाला ही था, तभी मां कविता ने बच्चे को अपने हाथों से ढक लिया। कुत्ते ने बच्चे को छोड़कर कविता के दोनों हाथों पर हमला कर दिया। हमले में उनके हाथों पर गहरे घाव हो गए। कुत्ते ने हमला इतना भयानक किया कि कई जगह त्वचा व मांस तक फट गया।

नाले के पास खेल रहा था 5 साल का बच्चा

घटना रविवार शाम करीब 4 बजे खेड़ा वडलीपाड़ा गांव की है। कविता घर के बाहर खेत में काम कर रही थीं और उनका 5 साल का बेटा चंदन पास के नाले के पास खेल रहा था। कुछ देर बाद कविता को बच्चे की चीख सुनाई दी। वह तुरंत वहां पहुंचीं तो देखा कि एक कुत्ता बच्चे के पीछे पड़ा है और उस पर हमला करने वाला है। बेटे को खतरे में देख कविता बिना देर किए कुत्ते के सामने पहुंच गईं।

कविता ने कुत्ते से बच्चे को बचाने के लिए उसे अपने दोनों हाथों से कवर करने की कोशिश की। इसी दौरान कुत्ते ने उन पर हमला कर दिया और दोनों हाथों को बुरी तरह काट लिया। कुत्ते के दांतों से उनके हाथों में कई गहरे घाव हो गए। हमले में जगह-जगह त्वचा और मांस फट गया और काफी खून निकलने लगा। हालांकि, मां की इस कोशिश से बच्चा कुत्ते के सीधे हमले से बच गया।

खून से लथपथ मां को पहुंचाया हॉस्पिटल

हमले के बाद कविता खून से लथपथ हो गई थी। यह देखकर परिवार के लोगों ने एंबुलेंस को सूचना दी। एंबुलेंस मौके पर पहुंची और कविता को बदरेल के स्थानीय अस्पताल ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने उनके हाथों पर प्राथमिक उपचार किया। चोटें ज्यादा गहरी होने के कारण डॉक्टरों ने उन्हें आगे के इलाज के लिए जिला मुख्यालय स्थित एमजी अस्पताल रेफर कर दिया। रविवार शाम करीब 6 बजे कविता को एमजी अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें भर्ती कर इलाज शुरू किया।

फिलहाल कविता की हालत सामान्य बताई जा रही है और उन्हें वार्ड में भर्ती रखा गया है।