बांसवाड़ा. प्रदेश के दस जिलों में निकाली जा रही श्री वेदलक्षणा गो संदेश यात्रा रविवार शाम को बांसवाड़ा शहर में मंगल प्रवेश करेगी। इसका जगह-जगह स्वागत किया जाएगा। इसकी तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया गया है।
गो संदेश यात्रा के निमित्त मंदारेश्वर मार्ग पर गोशाला में शनिवार को आयोजित पत्रकार वार्ता में गो कथावाचक साध्वी माही दीदी ने कहा कि गो सनातन व हिन्दू धर्म का प्रमुख आधार है। उन्होंने देश-प्रदेश में गो हत्या पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने की मांग करते हुए कहा कि गो हत्या करने वाले और कत्लखानों का संचालन करने वालों को गो की महिमा का ज्ञान नहीं है। गो हत्या कलंक है और इसे मिटाने की आवश्यकता है। गो रक्षा को लेकर सख्त कानून बनाने की आवश्यकता है।
सांय होगा प्रवेश
उन्होंने बताया कि गो ऋषि स्वामी दत्तशरणानंदी महाराज के सानिध्य और राजस्थान गो सेवा समिति के अध्यक्ष महंत दिनेशगिरी महाराज सहित गो प्रेमियों, संतों-महंतों के सानिध्य में गो रक्षा, गोशाला, गोचर भूमि आदि कार्यों को लेकर कार्य किए जा रहे हैं। पथमेड़ा से गो सेवा के अनेक प्रकल्प संचालित किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि गो संदेश यात्रा रविवार शाम को बांसवाड़ा में प्रवेश करेगी। इसके बाद मंदारेश्वर मार्ग पर गोशाला में वेद लक्षणा गो महिमा पर धर्मसभा और गो संरक्षण, गो संवर्धन, विशय पर संगोष्ठी होगी। 27 फरवरी को प्रातः श्री सुरभि संकीर्तन मोर्चा एवं पॉलिथीन मुक्त क्षेत्र अभियान का शुभारंभ होगा। इसके बाद गो संदेश यात्रा बांसवाड़ा से त्रिपुरा सुंदरी माता मंदिर तलवाड़ा पहुंचेगी। वहां वेद लक्षणा गो महिमा एवं धर्मसभा आयोजित होगी। इसके लिए गो भक्तों को पीले चावल रखकर निमंत्रण दिया है।
इस अवसर पर बड़ा रामद्वारा के संत रामप्रकाश महाराज ने कहा कि धर्म प्रेमी इस अंचल के लोग भाग्यशाली हैं, जिन्हें गो सेवा में समर्पित संतों का सानिध्य इस कार्यक्रम के माध्यम से मिलेगा। उन्होंने बड़ी संख्या में धर्मप्रेमियों से सहभागिता का आह्वान किया। इससे पहले गोशाला सचिव भुवन पंड्या ने कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत की। इस अवसर पर गोशाला व गो सेवा से जुड़ी संस्थाओं के प्रतिनिधि भी उपिस्थत रहे।