बांसवाड़ा. बांसवाड़ा विधानसभा क्षेत्र के कांग्रेस कार्यकर्ताओं का होली मिलन समारोह शनिवार को डूंगरपुर मार्ग पर गायत्री गार्डन में हुआ। इसमें विधानसभा क्षेत्र से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता सम्मिलित हुए। इस दौरान राज्यमंत्री अर्जुनसिंह बामनिया ने पारम्परिक वेशभूषा में आए ग्रामीणों कार्यकर्ताओं के साथ गेर खेली।
होली मिलन समारोह सुबह 11 बजे से आरंभ हुआ, जो दोपहर बाद तक चला। इसमें पार्टी के जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी व ग्रामीण क्षेत्रों से कार्यकर्ता सम्मिलित हुए। इस अवसर पर बामनिया ने कहा कि ब्लॉक छोटी सरवन, बांसवाड़ा व नगर परिषद क्षेत्र के कार्यकर्ताओं ने आपसी भाईचारे को बनाए रखने के साथ ही गेर खेली है। यह कार्यक्रम कार्यकर्ताओं की एकजुटता का भी प्रतीक है। उन्होंने यह भी बताया कि सीए की बजट घोषणाओं में से बांसवाड़ा विधानसभा क्षेत्र की घोषणाओं में कई की वित्तीय व प्रशासनिक स्वीकृति भी मिल गई है। इससे जनता में यह संदेश गया है कि विकास कांग्रेस ही कर सकती है। इस दौरान उप जिला प्रमुख डॉ. विकास बामनिया, सभापति जैनेन्द्र त्रिवेदी, कृष्णपालसिंह सिसोदिया, केशवचंद्र निनामा, ब्लॉक अध्यक्ष नाहरसिंह आदि ने संबोधित किया। कार्यक्रम में वरिष्ठ कांग्रेस नेता जगतसिंह चेलावत, कृष्णकांत उपाध्याय, ज्ञानेन्द्र त्रिपाठी, राकेश सेठिया, पूर्व सभापति राजेश टेलर, देवबाला राठौड़, मुकेश जोशी, नटवर तेली, संजय जैन, मनीष त्रिवेदी सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता सम्मिलित रहे।