बांसवाड़ा. पर्युषण पर्व के समापन के बाद जैन समाज में रथोत्सव का उल्लास छाया हुआ है। शनिवार को शहर सहित देहात में समाज की ओर से रथ निकाले गए, जिसमें बड़ी संख्या में समाजजन सम्मिलित हुए। महिलाओं और पुरुषों ने जमकर डांडिया खेला।
खांदू कॉलोनी से दोपहर में रथ निकाला गया। जयकारों के साथ निकली शोभायात्रा में आगे बैंड पर धार्मिक गीतों की स्वर लहरियां गूंज रही थी। पीछे श्रद्धालु श्रीजी को विराजित कर गंधकुटी कांधों पर लिए थे और साथ में काष्ठ निर्मित रथ चल रहा था। शोभायात्रा कॉलोनी के परम्परागत मार्ग से होकर पुन: निज मंदिर पहुंची। रविवार को भी यहां रथ निकाला जाएगा। वासुपूज्य मंदिर से भगवान को गंधकुटी में विराजित कर शोभायात्रा निकाली गई। यह आजाद चौक, सदर बाजार, पीपली चौक, मटावाव होते हुए गांधीमूर्ति पहुंची। यहां भगवान की पूजा और महाआरती हुई। इसके पश्चात शोभायात्रा निज मंदिर पहुंची। इस दौरान महिलाओं व युवाओं ने डांडिया रास एवं गरबा खेला।रविवार को आदिनाथ मंदिर महालक्ष्मी चौक से रथ निकाला जाएगा। यह परम्परागत मार्ग से होकर शाम को गांधीमूर्ति पहुंचेगा। रात्रि में यहीं रहेगा। रात्रि में श्रीजी की आरती की जाएगी। अगले दिन पुन: रथ निकाला जाएगा, जो नगर भ्रमण के बाद निज मंदिर पहुंचने पर भंडार किया जाएगा।
वीरोदय में रथोत्सव
दाहोद मार्ग पर वीरोदय तीर्थ क्षेत्र पर शनिवार को रथोत्सव धूमधाम से मनाया। मीडिया प्रभारी संकेत जैन ने बताया आरंभ में मूलनायक आदिनाथ भगवान का अभिषेक एवं शांतिधारा की गई। प्रथम से चतुर्थ कलश का लाभ धनपाल लालावत, निहालचंद घाटोल, सौरभ पुत्र रमेशचंद जैन तलवाड़ा, मोहनलाल छगनलाल जैन परतापुर तथा विनोद कुमार जैन न्यूयॉर्क परिवार को मिला। इसके बाद विधानाचार्य तरुण भैया के सानिध्य में नवनिर्मित गंधकुटी के शुदि्धकरण उपरांत श्रीजी को विराजित कर शोभायात्रा निकली। यह वीरोदय के मुख्य मंदिर से चौबीसी मंदिर परिक्षेत्र तक पहुंची। महिलाओं ने गरबा नृत्य किया। शुद्धिकरण का लाभ आदेश्वर जैन, लक्ष्मीलाल जैन परिवार, भगवान विराजमान संजय, रमेशचंद्र गांधी, छत्र चढ़ाने का लाभ मोहनलाल जैन परतापुर व चंवर ढुलाने का लाभ विनोद कुमार परिवार को मिला। वीरोदय तीर्थ क्षेत्र उपाध्यक्ष राजेश गांधी ने आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर अध्यक्ष मोहनलाल पिंडारमिया, अनिल जैन, प्रद्युमन शाह, हुकमीचन्द शाह, संजय गांधी, मनोज वैद्य, सुशील शाह, राजकुमार जैन, लोकेश शाह आदि समाजजन उपस्थित रहे।