
बांसवाड़ा. वागड़ में चुनावी सभाओं का दौर शुरू हो गया है। सीएम वसुंधरा राजे और पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के बाद 26 नवंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बेणेश्वर में चुनावी रैली को संबोधित करेंगे। भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने जोर शोर से सभा की तैयारियां तेज कर दी है। इसी बीच शनिवार को सभास्थल और तैयारियों का जायजा लेने भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष मदनलाल सैनी बेणेश्वर पहुंचे। जहां पार्टी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया और प्रधानमंत्री की रैली से संबंधित चर्चा की। इसके बाद सैनी ने प्रेस वार्ता की और सवालों के जवाब दिए। प्रेस वार्ता में भाजपा के भीतर गुटबाजी के सवाल पर सैनी ने कहा कि पार्टी में कोई गुट नहीं है। हमारा सिर्फ एक ही गुट है वह कमल का फूल है।
समय कम, चुनौती बड़ी
प्रधानमंत्री मोदी की सभा को लेकर अब मात्र दो दिन बचे है। ऐसे में लाखों लोगों की भीड़ जुटाना और इसकी तैयारियां करना पार्टी के लिए बड़ी चुनौती है। वहीं लोक निर्माण विभाग बांसवाड़ा ने तो एकबारगी हाथ ऊंचे कर दिए। इन्होंने अपने सीमित संसाधन का हवाला देते हुए इतनी बड़ी तैयारियों के लिए मना कर दिया। पर, आयुक्त और आईजी के आदेश पर हेलीपेड की तैयारी को लेकर हामी भरी।
राजस्थान का रण : प्रधानमंत्री मोदी 26 को बेणेश्वर में करेंगे चुनावी सभा, कार्यक्रम की तैयारियां तेज
भूमि पूजन किया
कनकमल कटारा, ओम पालीवाल, जिलाध्यक्ष वेलजी पाटीदार, गजेन्द्रसिंह चौहान, विधायक गोपीचंद मीणा, प्रदेश उपाध्यक्ष चुन्नीलाल गरासिया, उदयपुर सांसद अर्जुनलाल मीणा, अनिल गुप्ता, लक्ष्मीनारायण शर्मा, बंशीलाल कलाल, गिरधर पण्डया आदि की मौजूदगी में भूमि पूजन किया।
पहले दर्शन, फिर संबोधन
डूंगरपुर. मोदी 26 नवम्बर को 11.55 बजे भीलवाड़ा से हेलीकॉप्टर से रवाना होकर एक बजे सभास्थल पर बने हेलीपेड पर उतरेंगे। वहां से सडक़ मार्ग से राधाकृष्ण मंदिर में दर्शन के लिए आएंगे। दर्शन के बाद 1.10 बजे वापस सभास्थल पहुंच कर संबोधित करेंगे। गौरतलब है कि मोदी ने लोकसभा चुनाव 2014 के दौरान भी यहीं चुनावी सभा को संबोधित किया था।