
अरथूना में घटना के बाद मौजूद भीड़ व इनसेट में मृतक पति-पत्नी। फोटो: पत्रिका
बांसवाड़ा। अरथूना थाना क्षेत्र में चार दिन से लापता पति-पत्नी के शव कुएं में मिले, जो गत दिनों से लापता थे। मामला सामने आने के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। हालांकि, पुलिस प्रारंभिक जांच में घटना का कारण गृह क्लेश मान रही है।
सीआई विनोद कुमार मीणा ने बताया कि 21 अप्रेल को अरथूना गोवारिया निवासी मुकेश पुत्र हलिया उम्र 34 वर्ष तथा धापू पत्नी मुकेश उम्र 24 वर्ष दोनों घर से परिजनों को बिना बताए निकल गए थे,जो देर रात तक नहीं लौटे।
परिजनों ने आसपास के इलाके में काफी तलाश की और पुलिस को भी इसकी जानकारी दी। शनिवार सुबह खेत में स्थित एक कुएं के पास बदबू आने से अरथूना थाना पुलिस को सूचना दी।
सूचना पर थाना पुलिस मय जाप्ता तथा तहसीलदार मौके पर पहुंचे। स्थानीय गोताखोर मोहन भोई व प्रशासन ने काफी मशक्कत के बाद दोनों के शवों को बाहर निकाला। दोनों शवों का बांसवाड़ा स्थित चिकित्सालय में पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया। वहीं मृतक के भाई शांतिलाल पुत्र हालिया पारगी की रिपोर्ट पर मर्ग दर्ज कर अनुसंधान शुरू कर दिया है। मृतक मुकेश गुजरात के सूरत शहर में रोजगार करता था। दोनों की शादी 4 साल पहले हुई थी।
इधर, गरड़ी थाना क्षेत्र के नया तालाब इलाके में एक युवक का शव पेड़ से लटका मिला। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल पर फोरेंसिक टीम एवं एमओबी (मोबाइल आउटपुट ब्यूरो) टीम को बुलाया। टीम ने घटनास्थल की जांच पड़ताल की, जिसके बाद शव को पेड़ से उतारकर उप जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया। पुलिस जांच में मृतक की पहचान नया तालाब निवासी महेंद्र बामनिया के रूप में हुई।
मृतक की पत्नी सविता बामनिया ने पुलिस को बताया कि महेंद्र 24 अप्रेल को एक पारिवारिक शादी में जाने से पहले रात करीब 11 बजे पान मसाला खाने घर से निकले थे, लेकिन वापस नहीं लौटे। सविता ने उन्हें कई बार फोन किया, जो करीब 3 बजे के बाद बंद हो गया।
शाम को उन्हें महेंद्र का शव पेड़ से लटका मिलने की सूचना मिली, जिस पर उन्होंने पुलिस को जानकारी दी। थाना अधिकारी रमेश मीणा ने बताया कि मेडिकल बोर्ड से शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया गया है। प्राथमिक तौर पर यह घटना संदिग्ध लग रही है, हालांकि शव पर किसी तरह के बाहरी घाव नहीं मिले हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
Published on:
26 Apr 2026 09:41 am
बड़ी खबरें
View Allबांसवाड़ा
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
