बांसवाड़ा. बांसवाड़ा जिले में बीते 24 घंटों में भारी वर्षा हुई है। शनिवार रात भर बारिश हुई। जिला मुख्यालय की कई कॉलोनियों व मुख्य मार्गों पर पानी भरा हुआ है। इससे जनजीवन प्रभावित हुआ है। रविवार सुबह आठ बजे समाप्त बीते 24 घंटों में जिले के बागीदौरा में सबसे अधिक 365 मिलीमीटर अर्थात साढ़े 14 इंच बारिश रिकार्ड की गई है। इधर, माही बांध के 16 गेट खुले हुए हैं। दाहोद मार्ग पर सुरवानिया बांध के भी सभी 10 गेट छह फीट तक खोल दिए गए हैं।
दूसरी ओर, बांसवाड़ा शहर में लगातार बारिश के बाद कई कॉलोनियों में पानी भर गया है। मुख्य रास्तों पर भी जलभराव होने से आवाजाही प्रभावित हो रही है। शहर के नाथेलाव, सरगड़ावाड़ा, सुभाष नगर, प्रगति नगर, वृंदावन काॅलोनी, भारत नगर, हिमालय नगर आदि क्षेत्रों में जलभराव की समस्या है। रविवार सुबह नगर परिषद सभापति जैनेन्द्र त्रिवेदी, पूर्व राज्यमंत्री भवानी जोशी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कानसिंह भाटी प्रभावित इलाकों में पहुंचे। जेसीबी की मदद से जल निकासी कराई गई।
जिले में शनिवार सुबह आठ से रविवार सुबह आठ बजे तक भारी वर्षा हुई है। 24 घंटे की अवधि में बांसवाड़ा में 223, केसरपुरा में 252, दानपुर में 205, घाटोल में 196, भूंगड़ा में 200, जगपुरा में 72, गढ़ी में 110, लोहारिया में 54, अरथूना में 83, बागीदौरा में 365, शेरगढ़ में 270, सल्लोपाट में 272, कुशलगढ़ में 182 और सज्जनगढ़ में 277 मिमी बारिश रिकार्ड की गई। इधर, भूंगड़ा क्षेत्र में एक बरसाती नाले की रपट पर 40 वर्षीय देवीलाल पुत्र विट्ठल मईड़ा निवासी भंवरकड़ा बह गया।