बांसवाड़ा. कांग्रेस सेवादल की ओर से बुधवार केा भारत जोड़ों यात्रा निकाली गई। जिला कांग्रेस कार्यालय से शुरू यात्रा विभिन्न मार्गों से होते हुए गांधी मूर्ति पहुंची। यात्रा में विभिन्न कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों ने ध्वज रक्षक की भूमिका निभाई। इससे पूर्व हरिदेव जोशी भवन में संगठन के उदयपुर संभाग प्रभारी विनोद पाठक, ज़िला प्रभारी मानव गुप्ता एवं सह प्रभारी अयूब ख़ान के सान्निध्य में सेवादल की बैठक हुई। जिलाध्यक्ष साजिद नायक ने बताया कि बैठक में संगठन की गतिविधियों की समीक्षा की गई। ज़िला प्रभारी गुप्ता ने कहा कि कई लोगों के मन में यह सवाल उठ रहे हैं कि आखिर भारत जोड़ो यात्रा की जरूरत क्यों पड़ी? उन्होंने कहा कि वर्तमान में केंद्र सरकार की तानाशाही के कारण जिस प्रकार देश में अराजकता और बिखराव का माहौल बना हुआ है, उस स्थिति से देश को बचाने के लिए कांग्रेस के द्वारा भारत जोड़ो यात्रा निकाली गई है। उन्होंने कहा कि गत 8 वर्षों में केंद्र सरकार के द्वारा देश में ऐसी स्थिति उत्पन्न कर दी गई है कि लोग एक दूसरे को शक की निगाह से देखने लगे हैं।
सह प्रभारी ख़ान ने कहा बांसवाड़ा ज़िला सेवादल के पदाधिकारियों की सक्रियता हर तरफ़ देखी जा रही है। सेवादल के ज़िलाध्यक्ष नायक ने कहा कि राहुल गांधी कन्याकुमारी से कश्मीर तक करीब 3700 किलोमीटर की यात्रा पर निकले हैं। हम सभी भी अपने अपने ज़िले एवं प्रभार ज़िलों में ज़िला मुख्यालय पर भारत जोड़ो यात्रा कर समर्थन कर रहे हैं। इस दौरान आजादी की गौरव यात्रा में रतनपुर से केसरियाजी तक बतौर पदयात्रियों को आल इंडिया कांग्रेस सेवादल का प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर विकेश मेहता, रुक्मणी आर्य, यंग ब्रिगेड ज़िला अध्यक्ष मिलन चाहिल, धीरजमल डामोर, विनोद शर्मा, नाथूलाल बुनकर, पूनम बाथम, भरत दोसी, एनएसयुआई ज़िलाध्यक्ष आसिफ़ ख़ान, अरविन्द डामोर, गढ़ी ब्लॉक अध्यक्ष राहुल शाह, ब्लॉक अध्यक्ष सरपंच कालूराम चरपोटा, गणेशलाल तवेड, हिम्मत सिंह वाघेला, अमित चरपोटा, आनंद मुनिया, ज़ाहिद शेख़, सईद परवाना, मुकेश जैन आदि मौजूद रहे।