
गांगड़तलाई. जिले के सल्लोपाट थाना अंतर्गत गमनिया हमीरा गांव में चलती बस से गिरने से युवक की मौत हो गई। उम्मेदगढ़ी निवासी मुकेश (24) मगनलाल बुधवार को रिश्तेदार के यहां मन्ना डूंगरी गांव आया हुआ था। वह गुरुवार सुबह अपने गांव उम्मेदगढ़ी जाने के लिए गांगड़तलाई से एक निजी बस में सवार हुआ। भीड़ होने से वह बस के फाटक के पास खड़ा हो गया। गमनिया गांव के पास संतुलन बिगडऩे से वह चलती बस से नीचे जा गिरा। इससे वह बुरी तरह जख्मी हो गया। बस चालक व परिचालक उसे तुरंत सीएससी गांगड़तलाई लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। इधर, सूचना पर सल्लोपाट थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और शव को कब्जे में लिया। पुलिस ने बस जब्त कर जांच शुरू की है।
झांसा देकर तंत्र-मंत्र के नाम पर लोगों को ठगा
परतापुर. (बांसवाड़ा). तंत्र- मंत्र ? एवं जादू-टोने कर लोगों को उनकी समस्या से निजात दिलाने का झांसा देकर लोगों से लाखों की ठगी करने के आरोप में गुरुवार को गढ़ी पुलिस ने एक जने को गिरफ्तार किया है। आरोपित ने लोगों से लाखों की ठगी करना कबूला है। गढ़ी सीआई भैयालाल आंजना ने बताया कि परतापुर में बाबा के नाम से सक्रिय व्यक्ति के तंत्र-मंत्र और टोने टोटके कर मोटी राशि ठगने की जानकारी मिली।
पुलिस ने जाल बिछाकर दाहोद हाल डूंगरी मोहल्ला परतापुर निवासी आरोपित मुर्तजा शाह उर्फ बाबा पुत्र महमूद शाह फकीर को गिरफ्तार किया। सीआई ने बताया कि पूछताछ में मुर्तजा ने बोरी निवासी एक अध्यापक से बच्चा नहीं की परेशानी दूर करने के नाम पर तंत्र-मंत्र के लिए 35 हजार, सागवाड़ा के महेश की बच्ची की बीमारी ठीक करने के नाम पर 35 हजार, सागवाड़ा की शीतल जैन से जमीन में गड़ा धन निकालने के नाम पर 15 हजार एवं ओड़ा पादर निवासी भगवान पाटीदार से माली हालत ठीक करने के नाम पर ढाई लाख रुपए की ठगी करना कबूला है।
Published on:
30 Mar 2018 02:50 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
