
बांसवाड़ा. जिला परिषद की जिला शिक्षा व स्थापना समिति समिति की गुरुवार को हुई बैठक में राशन वितरण व्यवस्था का जमकर पोस्टमार्टम हुआ। पोस मशीन की परेशानी, चीनी नहीं मिलने और केरोसिन कम देने की शिकायतों पर चर्चा हुई। इसके गर्भवती महिलाओं को बेवजह रैफर करने, रबी में खाद के टोटे, आवासीय स्कूल रिश्वत प्रकरण पर भी मंथन हुआ। जिला प्रमुख रेशम मालवीया की अध्यक्षता में हुई बैठक में रसद, सामाजिक न्याय, जनजाति विकास, कृषि विभाग की योजनाओं को लेकर समीक्षा की गई और सदस्यों ने कई मामलों पर नाराजगी भी जाहिर की।
पोस मशीन से नहीं आते फिंगरप्रिंट
बैठक में जिला प्रमुख ने बिना खाद्यान्न मिले मोबाइल पर मैसेज आने की समस्या बताई, वहीं सदस्य रूपचंद ने जिले में सार्वजनिक वितरण प्रणाली के अन्तर्गत खाद्यान्न वितरण के लिए काम में ली जा रही पोस मशीन में फिंगरप्रिंट नहीं आने की समस्या उठाई। इस पर रसद विभाग के प्रवर्तन निरीक्षक हजारीलाल आलोरिया ने बताया कि इस परेशानी को देखते हुए अब लाभार्थियों को अकाल राहत की तरह ही कूपन दिए जाएंगे, जिससे खाद्यान्न वितरण संबंधी दस्तावेजी प्रक्रिया पूर्ण हो सके। मानसिंह ने कूपन वितरण पटवारी के माध्यम से कराने की बात कही। सदस्य केशवलाल ने उपभोक्ताओं को पर्ची नहीं देने का आरोप लगाया। चीनी वितरण नहीं होने के मामले में आलोरिया ने बताया कि अब से अन्त्योदय परिवार के सदस्यों को प्रति राशनकार्ड एक किलो चीनी दी जाएगी। वहीं उप जिला प्रमुख ने कहा कि कई डीलर ढाई की बजाय उपभोक्ताओं को महज दो लीटर ही केरोसिन दे रहे हैं।
रतलाम में रैक लगे तो मिले खाद
जिले में किसानों को खाद नहीं मिलने के मामले में कृषि अधिकारी ने बताया कि उदयपुर और चित्तौडगढ़़ में रैक लगने पर पहले संबंधित जिलों में खाद पहुंचाई जा रही है। इससे जिले में खाद की समस्या है। यदि रतलाम में रैक लगे तो जिले में आवश्यकता के अनुरूप खाद मिल सकेगा। इसके लिए उच्चाधिकारियों को अवगत कराया है। बैठक में खाद की गुणवत्ता और सोयाबीन का भुगतान नहीं होने का भी मुद्दा उठा।
हाई रिस्क बताकर कर रहे रैफर
सदस्य मानसिंह ने कहा कि छोटी सरवन क्षेत्र में गर्भवती को हाई रिस्क बताकर बांसवाड़ा के लिए रैफर करने की परिपाटी सी बन गई है, जबकि बांसवाड़ा में गर्भवती का सामान्य प्रसव हो जाता है। उन्होंने रैफर करने की प्रवृत्ति पर रोष जाहिर किया। जिला प्रमुख मालवीया ने भी नाराजगी जताई और आदर्श पीएचसी, सीएचसी पर पर्याप्त स्टाफ नियुक्त करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के निर्देश
खोडन के आवासीय विद्यालय में रिश्वत प्रकरण पर भी चर्चा हुई। इस दौरान जिला प्रमुख ने कहा कि उन्हें भी घटिया भोजन दिए जाने की शिकायत मिली है। उन्होंने सामाजिक न्याय व अधिकारिता विभाग के सहायक निदेशक को निरीक्षण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आनंदपुरी के जनजाति बालक आश्रम छात्रावास में गंदगी है। विद्यार्थियों को सुविधाएं नहीं है। उन्होंने सदस्यों ने हॉस्टलों को अवलोकन करने के निर्देश दिए।
निर्माण की कछुआ चाल
जिला प्रमुख ने रमसा के तहत मडक़ोला मोगजी में कार्य बंद होने की जानकारी देते हुए विभागीय अधिकारी से पूछा कि इस मामले में कार्रवाई क्यों नहीं की जा रही है। उन्होंने रतनपुरा में चल रहे निर्माण कार्य में घटिया सामग्री का उपयोग करने की भी जानकारी दी। सदस्य किशोरीलाल ने माहीडेम उमावि में भवन जर्जर होने की जानकारी देते हुए मरम्मत कराने की मांग की। बैठक में साक्षरता, रोडवेज, सहकारिता आदि विभागों के कार्यों की समीक्षा की गई।
Published on:
28 Dec 2017 10:51 pm
बड़ी खबरें
View Allबांसवाड़ा
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
