
बांसवाड़ा. विधानसभा चुनावों में अभी 10 माह से अधिक समय शेष है, लेकिन कार्यकर्ताओं और नाराज चल रहे पदाधिकारियों की पूछपरक अभी से शुरू हो गई है। इसका जीता जागता उदाहरण शुक्रवार को भाजपा कार्यालय में आयोजित संगठनात्मक बैठक में दिखाई दिया। संसदीय सचिव एवं जन अभाव अभियोग आयोग अध्यक्ष श्रीकृष्ण पाटीदार ने सभी की नाराजगी को दूर करते हुए आने वाले समय में स्थानान्तरणों पर प्रतिबंध हटाने सहित इसमें कार्यकर्ताओं की अनुशंसा को भी तवज्जो देने की बात कही। इसके साथ ही उन्होंने थोक के भाव भाजपा से जुड़े वकालात करने वालों को नोटरी पब्लिक बनाने का भी दांव खेला।
सभी की सुनी, कहा सब के करेंगे काम
जिला प्रभारी मंत्री सुशील कटारा, पंचायत राज राज्य मंत्री धनसिंह रावत, संसदीय सचिव भीमा भाई और जन अभाव अभियोग अध्यक्ष श्रीकृष्ण पाटीदार की उपस्थिति में भाजपा कार्यालय में आयोजित बैठक में सभी वक्ताओं ने एक स्वर में कहा कि कार्यकर्ताओं की मांग पर जल्द ही प्रदेश में स्थानान्तरण पर रोक हटाई जाएगी और उनमें उनकी इच्छानरूप वह ट्रांसफर के लिए अनुशंसा कर सकेंगे। इसके साथ ही प्रतिबंधित जिलों से स्थानान्तरण को लेकर कार्यकर्ताओं को हो रही परेशानी पर भी चर्चा करते हुए कहा कि नियमों में शिथिलता देने को लेकर भी मंथन चल रहा है एवं आने वाले समय में उनको भी लाभ मिलेगा।
खिलाना है फूल तो, मनमुटाव को जाओ भूल
इस मौके पर प्रभारी मंत्री कटारा ने कहा कि हमें अभी सत्ता में रहने की आदत नहीं हुई है और हम कभी-कभी विपक्ष जैसा व्यवहार करने लगते हैं। इसकी आदत डालने के लिए गुजरात, मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ की तरह राजस्थान में भी भाजपा को एक बार फिर सत्ता में लाना होगा इसके लिए सभी को आपसी मनमुटाव भुलाकर फिर से कमल खिलाना होगा।
याद आई खस्ता हाल सडक़ें
चुनावी साल आते ही जिले की खस्ताहाल सडक़ों की चिंता भी जनप्रतिनिधियों को होने लगी हैं। लोगों और कार्यकर्ताओं के आक्रोश को भांपते हुए उन्होंने कहना शुरू कर दिया है कि सडक़ों की स्थिति से राज्य सरकार भी चिंन्तित है और जल्द ही इनको ठीक करने का काम शुरू कर दिया जाएगा। उल्लेखनीय है कि जिले में 60 फीसदी से अधिक सडक़ें खराब हैं और कई बार इसको लेकर आमजन नाराजगी जता चुके हैं।
ट्रांसफर भी करेंगे और एपीओ भी
वहीं सर्किट हाउस में आमजन की सुनवाई करते हुए पाटीदार और रावत से कई पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने जिले में पदस्थ कई कर्मचारियों और अधिकारियों को हटाने की बात कही। इस पर उन्होंने कहा कि जो भी अधिकारी कार्यकर्ताओं की नहीं सुनेगा उसका यहां से तबादला करा दिया जाएगा या फिर उनको एपीओ करने की कार्रवाई भी की जा सकती है।
Updated on:
30 Dec 2017 11:53 am
Published on:
30 Dec 2017 11:52 am
बड़ी खबरें
View Allबांसवाड़ा
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
