
बांसवाड़ा, पद्मावत फिल्म के विरोध में गुरुवार को सर्वसमाज के आह्वान पर बांसवाड़ा जिले में बंद सफल रहा। शहर के अलावा आधा दर्जन गांव-कस्बों में भी बंद रहा। बंद के दौरान सभी बाजार बंद रहने से जनजीवन खासा प्रभावित हुआ। परतापुर में मामूली झड़प और पथराव को छोड़ कर बंद पूरी तरह शांतिपूर्ण रहा। बसों का संचालन ठप रहा, लेकिन अन्य वाहनों की आवाजाही सामान्य रही। सिनेमाघर, पेट्रोल पंप भी बंद रहे। कई निजी शिक्षण संस्थाएं बंद रहीं। कुछ बैंक बंद रहे तो कुछ खुले, लेकिन कामकाज नहीं हुआ। सरकारी कार्यालयों में भी कामकाज पर असर पड़ा।
नहीं खुली दुकानें
बांसवाड़ा शहर में सुबह से ही ज्यादातर दुकानें नहीं खुली, जहां कहीं दुकानें खुली तो बंद समर्थकों ने बंद करवा दी। शहर के सभी महत्वपूर्ण इलाकों में दुकानों के शटर नहीं उठे। पुराना बस स्टैंड, गांधीमूर्ति, कस्टम चौराहा, मोहन कॉलोनी, नया बस स्टैंड, कलक्ट्री चौराहा सहित भीतरी बाजारों में दुकानें नहीं खुली। हालांकि सुबह कुछ समय के लिए दूध आदि की दुकानें जरूर खुली, लेकिन नौ बजते-बजे यह भी बंद हो गई। हालांकि व्यापारियों के समूह दुकानों के बाहर खड़े नजर आए। पेट्रोल पंप बंद होने से लोग पेट्रोल के लिए भटकते रहे। दवा विक्रेताओं को बंद से मुक्त रखा गया था।
रोडवेज बसों का संचालन नहीं, निजी चली
बंद के दौरान रोडवेज की बसों का संचालन पूरी तरह से बंद रहा। हालांकि बाहर से आने वाली बसे स्टैंड पर जरूर पहुंची। बांसवाड़ा से उदयपुर , डूंगरपुर, रतलाम और गुजरात की ओर जाने वाली बसों का संचालन नहीं होने से यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। सुबह कुछ निजी बसें चली, लेकिन इसके बाद बंद समर्थकों ने बसें नहीं चलने दी। अपराह्न बाद जिले के अंदरुनी रूट पर बसों का संचालन शुरू हो गया।
जमकर नारेबाजी
बंद समर्थक पैदल और वाहनों पर पूरे शहर में घूमते रहे और फिल्म पद़्मावती के खिलाफ नारेबाजी करते रहे। समर्थकों ने भीतरी शहर के इलाकों में पहुंचकर नारेबाजी करते हुए दुकानें बंद कराई। वहीं शहर के वीरांगना छविगृह और नक्षत्र मल्टीप्लेक्स पहुंचे और नारेबाजी की। गांधीमूर्ति क्षेत्र में जगमालसिंह बांसवाड़ा, वागड़ क्षत्रिय महासभा के अध्यक्ष राजेंद्रसिंह आनंदपुरी, प्रतापभानुसिंह खांदू, करणी सेना जिलाध्यक्ष भंवरलाल सलाडिय़ा, पूर्व राज्यमंत्री भवानी जोशी आदि मौजूद रहे और बंद के संबंध में जानकारी भी ली। अपराह्न बाद करीब चार बजे बंद को सफल बनाने के लिए मुनादी कर शहरवासियों, व्यापारियों आदि का आभार व्यक्त किया गया।
परतापुर में पथराव
जिले के परतापुर कस्बे में दो पक्षों में हुई झड़प के बाद माहौल गरमा गया। बंद समर्थक लखरावाडा क्षेत्र में दुकानें बंद कराने पहुंचे। वहां एक दुकानदार से झड़प हो गई। पुलिस ने मौके पर पहुंच मामला शांत किया। कुछ देर बाद कुछ लोग फिर क्षेत्र में पहुंचे और पथराव कर दिया। इससे भीड़ एकत्र हो गई। सूचना पर सीआई लाभूराम चौधरी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच भीड़ को हटाया। बाद में बांसवाड़ा से भी पुलिस बल पहुंचा और ऐहतियातन जगह-जगह पुलिसबल तैनात किया गया।
Updated on:
26 Jan 2018 12:43 am
Published on:
26 Jan 2018 12:40 am
बड़ी खबरें
View Allबांसवाड़ा
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
