
अनूठा है बांसवाड़ा नगर निकाय के मुखिया का इतिहास, यहां बीते छह चुनाव में दोबारा किसी को नहीं मिला नेतृत्व
बांसवाड़ा. बांसवाड़ा में नगर निकाय प्रमुख का एक अनूठा इतिहास है। यहां दो बार ऐसे अवसर आए हैं जब एक ही व्यक्ति को दो बार अलग-अलग वर्षों में निकाय प्रमुख बनने का मौका मिला। इसमें भी सवाईलाल गुप्ता ऐसे पालिका अध्यक्ष रहे, जिनका कार्यकाल सबसे अधिक रहा। वहीं गोविंद लाल याग्निक सबसे कम समय तक पालिका अध्यक्ष रहे। बीते छह चुनाव में निकाय प्रमुख बनने वाले व्यक्ति को दोबारा मौका नहीं मिला है।
अंगे्रजी हुकूमत के दौरान बांसवाड़ा में 1904 में नगरपालिका का गठन हुआ। समय के साथ इसकी श्रेणी बदलती गई। 2012 में नगर पालिका नगर परिषद में क्रमोन्नत हुई। आजादी के बाद 1948 में करणसिंह कोठारी नगरपालिका के पहले अध्यक्ष बने। 1948 से लेकर 2014 तक के निकाय इतिहास में सवाईलाल गुप्ता और दिनकरलाल मेहता दो बार अलग-अलग वर्षों में निकाय प्रमुख रहे। इनमें भी गुप्ता का कार्यकाल सबसे अधिक रहा। गुप्ता पहली बार नौ अप्रेल 1958 में अध्यक्ष बने और उनका कार्यकाल 31 मार्च 1965 तक में छह साल 11 माह 22 दिन रहा। गुप्ता बाद में भी अध्यक्ष बने और उनका कार्यकाल नौ माह नौ दिन का रहा। इसके बाद लंबा कार्यकाल तत्कालीन पालिकाध्यक्ष छगनलाल नेमा का छह साल 11 माह 19 दिन रहा।
दो बार रहे कार्यवाहक अध्यक्ष
बांसवाड़ा निकाय में दो बार कार्यवाहक अध्यक्ष भी बने हैं। 16 सितंबर 1971 से 15 अक्टूबर 1971 तक लाल मोहम्मद को यह जिम्मेदारी सौंपी गई। वहीं इसके 28 साल बाद फिर ऐसी स्थिति बनी। तब 28 मई 1999 से एक जून 1999 तक तत्कालीन उपाध्यक्ष रमेशचंद्र पंवार को कार्यवाहक अध्यक्ष बनाया गया। उस समय तत्कालीन अध्यक्ष मणिलाल बोहरा को राज्य सरकार ने हटाया था। बोहरा ने न्यायालय की शरण ली और न्यायालय ने आदेश पर रोक लगाई। इसके बाद दो जून को बोहरा ने पुन: अध्यक्ष पद संभाला था।
दो बार महिलाओं के हाथ कमान
बांसवाड़ा निकाय में दो बार कमान महिलाओं के हाथ रही है। चार दिसंबर 2004 से 29 नवम्बर 2009 तक कृष्णा कटारा नगरपालिका अध्यक्ष रहीं। वहीं चार दिसंबर 2014 से अब तक मंजूबाला पुरोहित के हाथ में निकाय की कमान रहीं। अब तक कटारा पहली महिला नपा अध्यक्ष तो पुरोहित पहली सभापति रहीं।
क्र.सं. निकाय प्रमुख कब से कब तक
01. करणसिंह कोठारी 21.01.1948 19.04.1951
02. छगनलाल नेमा 20.04.51 08.04.58
03. सवाईलाल गुप्ता 09.04.58 31.03.65
04. दिनकरलाल मेहता 21.06.66 20.06.69
05. गोविंदलाल याग्निक 12.01.70 15.09.71
06. लाल मोहम्मद कार्य. 16.09.71 15.10.71
07. दिनकरलाल मेहता 16.10.71 10.12.73
08. सवाईलाल गुप्ता 28.10.76 06.08.77
09. दिनेश जोशी 17.02.82 16.02.86
10. मणिलाल बोहरा 30.11.94 27.05.99
11. रमेश पंवार कार्य. 28.05.99 01.06.99
12. मणिलाल बोहरा 02.06.99 30.11.99
13. उमेश पटियात 01.12.99 03.12.2004
14. कृष्णा कटारा 04.12.04 29.11.09
15. राजेश टेलर 30.11.09 03.12.14
16. मंजूबाला पुरोहित 04.12.14 अब तक
Published on:
08 Nov 2019 11:13 am
बड़ी खबरें
View Allबांसवाड़ा
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
