
बांसवाड़ा : जीएसएस पर करंट लगने से श्रमिक की मौत, परिजनों का हंगामा
बांसवाड़ा. सरेड़ी बड़ी. यहां जीएसएस पर गुरवार को श्रमिक की करंट से मौत हो गई। जीएसएस पर रखरखाव के लिए नियुक्त भानतलाई भीमसौर निवासी दिलीप (25) पुत्र शम्भूलाल कलासुआ ठेकेदार के माध्यम से नियुक्त था। गुरुवार को जीएसएस पर वह अकेला ही था। शाम 4 बजे के करीब एक श्रमिक ने जीएसएस पर फोन किया। बार-बार फोन करने पर भी रिसीव नहीं होने पर वह जीएसएस पहुंचा तो खम्भे के पास दिलीप पड़ा नजर आया। इस पर उसने अन्य साथियों व दिलीप के परिजन को जानकारी दी। इस पर परिजन मौके पर पहुंचे। परिजनों ने परिवार को आर्थिक सहायता दिलाने की मांग को लेकर हंगामा किया। सूचना पर सरेड़ी बड़ी पुलिस चौकी से किशोर सिंह ने मौके पर पहुंच समझाइश की। इसके बाद शव पोस्टमार्टम के लिए बांसवाड़ा चिकित्सालय ले जाया गया। भाजपा नेता धर्मेंद्र राठौड़़, खेडा के पूर्व सरपंच शंभूलाल कलासुआ, विनोद दादा पाठक मौके पर पहुंचे। उन्होंने पर्याप्त मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया।
करंट की चपेट में आई महिला
गनोड़ा. पालोदा में गुरुवार सुबह इलेक्ट्रिक रॉड से पानी गर्म करते समय फैले करंट से एक महिला की मौत हो गई। हादसा पुरुषोत्तम गामोट के घर में हुआ। घर में इन्दिरा देवी इलेक्ट्रिक रॉड से पानी गर्म कर रही थी। करंट की चपेट में आने से उसके चिल्लाने की आवाज सुनकर देवर नारायणलाल पुत्र धूलजी मौके पर पहुंचा। इंदिरा पानी की बाल्टी के पास गिरी पड़ी थी। नारायण से स्विच बंद कर परिवार के अन्य लोगों को बुलाया। बाद में परिजन इंदिरा को जिला मुख्यालय स्थित अस्तताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित किया।
कल्याणपुरा में फंदे पर झूली वृद्धा
आम्बपुरा. गांव कल्याणपुरा में एक वृद्धा ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। कमला (60) पत्नी गौतम ने अज्ञात परिस्थितियों में घर में फंदे पर झूल गई। एएसआई बाबूलाल ने बताया कि दोपहर में मृतका के परिजन ने घटना की जानकारी दी। इस पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतरवाकर महात्मा गांधी चिकित्सालय भिजवाया। जहां पोस्टमार्टम के बाद शव परिजन को सौंप दिया। मृतका के पति गौतम ने बताया कि वह गत दो दिन से किसी कार्य से बाहर गया हुआ था। घर के ही पास में उसके बेटे की बेवा बहू भी रहती है। जब वह घर पहुंचा तो देखा कि घर का दरवाजा बाहर से बंद मिला। वह पीछे के दरवाजे से अंदर गया तो कमला फंदे पर लटकी नजर आई। फिलहाल आत्महत्या के कारणों का पता नहीं लग पाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
Updated on:
2 Nov 2018, 2:03 PM IST
Published on:
2 Nov 2018, 2:03 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.